ओंकारेश्वर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, आगर-मालवा के रहने वाले 16 लोग घायल

पुलिस ने बताया कि पिकअप का टायर ब्लास्ट होने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के दौरान पिकअप में करीब 35 यात्री सवार थे।

Updated: Mar 21, 2023, 01:14 PM IST

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन पलट गई। इस हादसे में करीब 16 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक श्रद्धालुओं का जत्था आगर-मालवा जिले का है। वे
सभी सलकनपुर देवीधाम से होकर ओंकारेश्वर दर्शन और नर्मदा स्नान के लिए जा रहे थे। 

दरअसल, आगर के समीपस्थ ग्राम अरनिया तलाई से ग्रामीण रविवार दोपहर पिकअप वाहन से ओंकारेश्वर तीर्थ यात्रा के लिए निकले थे। मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी यह पिकअप वाहन सनावद मार्ग पर ग्राम करौली के समीप पलटी खा गई। 

यात्रियों में शामिल दरबार सिंह बंजारा ने बताया कि बंजारा समाज के तीर्थ यात्री रविवार को दोपहर में तीर्थ यात्रा के लिए निकले थे। होशंगाबाद के पास सलकनपुर माताजी के दर्शन करने के बाद ओंकारेश्वर दर्शन के लिए जा रहे थे। उसी दौरान मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अचानक पिकअप वाहन पलट गया। 

घायलों को इलाज के लिए सनावद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को इंदौर रेफर कर दिया है। पुलिस ने बताया कि पिकअप का टायर ब्लास्ट होने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के दौरान पिकअप में करीब 35 यात्री सवार थे।