उज्जैन: महाकाल मंदिर में घुसा बारिश का पानी, शहर के कई इलाके  हुए जलमग्न, स्कूलों में अवकाश घोषित

उज्जैन कलेक्टर ने नर्सरी से 12 वी क्लास तक के सभी शासकीय एवम अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियो के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। 

Publish: Jul 22, 2023, 08:53 AM IST

 उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में देर रात हुई बारिश ने भारी तबाही मचाई है। बारिश का पानी महाकाल मंदिर के गणेश और नंदी मंडपम तक पहुंच गया। शहर के कई इलाके जल मग्न हैं। उज्जैन कलेक्टर ने नर्सरी से 12 वी क्लास तक के सभी शासकीय एवम अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियो के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। 

शुक्रवार रात को करीब 10:30 बजे शुरू हुई तेज बारिश से शहर जलमग्न हो गया। हालत यह रही की शयन आरती के दौरान महाकाल मंदिर में झरना बहने लगा इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में मौजूद थे। बारिश का पानी मंदिर के गणेश और नंदी मंडपम तक पहुंच गया। पूरे शहर की प्यास बुझाने वाला गंभीर डेम भी लबालब हो गया। देर रात हुई तेज बारिश से शहर के कई निचले इलाके और चौराहे जल मग्न हो गए। एटलस चौराहा,केडी गेट नीलगंगा,गदा पुलिया, दुर्गा कॉलोनी, चामुंडा माता चौराहा में जल जमाव की स्थिति बन गई। बारिश का पानी कई कॉलोनी में घरो में घुस गया। वहीं चौराहे तालाब बन गए जिससे गाड़िया निकालने में काफी परेशानी का समाना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने शनिवार को शहर सहित उज्जैन जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अशोक शुक्ला ने बताया शुक्रवार सुबह 8 बजे तक डेम का लेवल 1425 एमसीएफटी था, जो कि रात तक बढ़कर 2010 एमसीएफटी हो गया। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त ने बताया अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की ओर से दो सिस्टम बने हुए हैं। इससे शनिवार से आगामी तीन-चार दिनों तक इसी तरह बारिश होने की स्थितियां बनी रहने की संभावना है।