विश्वास सारंग के लिए भोपाल में हुआ सद्-बुद्धि यज्ञ, किताब भेंट करने गए कांग्रेस नेता को पुलिस ने किया गिरफ्तार

महंगाई की वजह नेहरू को बताने वाले चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के लिए कांग्रेस नेता ने कराया सद्बुद्धि यज्ञ, इंदौर से कांग्रेस नेताओं ने भेजी बाल पोथी किताब

Updated: Aug 02, 2021, 12:15 PM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री द्वारा महंगाई की वजह नेहरू को बताए जाने के बाद उनकी काफी फजीहत हो रही है। इसी बीच राजधानी भोपाल में विश्वास सारंग के लिए सद्बुद्धि यज्ञ कराई गई है, ताकि उनका मानसिक संतुलन स्थिर हो सके। उधर इंदौर से सारंग के लिए बाल पोथी पुस्तक भेजी गई है ताकि उनका पठन-पाठन शुरू हो सके।

कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने आज सुबह सारंग के लिए यज्ञ का आयोजन कराया था। शुक्ला ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग पगला गए हैं। उनकी सद्बुद्धि के लिए हमने हवन और मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ संपन्न कराया है। यज्ञ कराने का मकसद ये था कि उनका मानसिक संतुलन स्थिर हो सके।' 

यज्ञ के बाद शुक्ला मंत्री विश्वास सारंग के घर किताब खरीदकर उन्हें भेंट करने भी पहुंचे। कांग्रेस नेता ने दिवंगत जवाहर लाल नेहरू द्वारा लिखी गई किताब 'डिस्कवरी ऑफ इंडिया' का हिंदी अनुवाद भारत एक खोज लेकर पहुंचे थे। हालांकि, किताब भेंट करने आए मनोज शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस घटना की निंदा की है।

यह भी पढ़ें: बढ़ती महंगाई की वजह नेहरू हैं, विश्वास सारंग के इस बयान पर कांग्रेस ने कहा, पता नहीं ये कौन सा नशा करता है

एमपी कांग्रेस ने कहा है कि प्रदेश में तानाशाही चरम पर है। कांग्रेस ने ट्वीट किया, 'मंत्री विश्वास सारंग द्वारा पं. जवाहरलाल नेहरु जी के बारे में की गई अनर्गल टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला मंत्री के निवास पर नेहरू जी की किताब "भारत - एक खोज" उन्हें देने गए थे लेकिन पुलिस द्वारा उनके साथ अमर्यादित व्यवहार कर गिरफ़्तार किया गया। “तानाशाही चरम पर है” 

इंदौरवालों ने भेजी बाल पोथी

उधर इंदौर कांग्रेस ने विश्वास सारंग के लिए बाल पोथी और वर्णमाला की पुस्तक भेजी है। कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल ने कहा कि, 'हमें विश्वास सारंग की बुद्धि पर तरस आती है। इसलिए उन्हें बाल पोथी और हिंदी वर्णमाला की किताब भेजी है ताकि वे अपनी बुद्धि का विकास कर सकें। इसके अलावा उन्हें मैथ्स, कॉमर्स और इकोनॉमिक्स की भी पुस्तकें भेजी है, बाल पोथी पढ़ने के बाद ये पुस्तकें उन्हें काम आएगी। 

दरअसल, विश्वास सारंग ने शनिवार को बढ़ती महंगाई को लेकर अजीबोगरीब बयान दिया था। सारंग ने महंगाई की वजह देश के पहले प्रधानमंत्री दिवंगत जवाहरलाल नेहरू को बताया था। बीजेपी मंत्री ने देश की बदहाल अर्थव्यवस्था को लेकर कहा था कि 15 अगस्त 1947 को लाल किले से नेहरू ने जो भाषण दिया था, इसी वजह से देश की अर्थव्यवस्था खराब हुई है।