बनना था अफसर, बन गया चोर, नशे के लिए ट्रेन में चोरी करते पकड़ा गया पढ़ा लिखा युवक

सतना रेलवे पुलिस ने एक ग्रेजुएट युवक को ट्रेन में चोरी करने के आरोप में किया गिरफ्तार, आरोपी के पास से ट्रेन से चोरी हुआ बैग, 22 हजार कैश और दो लाख के गहने बरामद, MPPSC की कोचिंग करता था युवक

Updated: Sep 22, 2021, 08:24 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

 सतना। रेलवे पुलिस ने ट्रेन में चोरी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक के पास से 22 हजार रुपए कैश और 2 करीब लाख कीमत के सोने-चांदी के गहने बरामद हुए हैं। सतना रेलवे स्टेशन पर आरोपी युवक नशे की हालत में मिला। आरोपी की पहचान सिद्धांत गुप्ता के रूप में हुई है। वह नरसिंहपुर का रहने वाला है। उसका कहना है कि वह कई साल से जबलपुर में रहकर मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग याने MPPSC की कोचिंग कर रहा था। उसका सपना था कि वह परीक्षा में सफल होकर बड़ा अफसर बने। लेकिन गलत संगत की वजह से उसे नशे की आदत लग गई।

घर से सीमित मात्रा में पैसे मिलते थे,परीक्षा में भी सफलता नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में उसे नशे की लत लग गई। नशे के लिए उसने ट्रेनों में सामान चुराने का काम करना शुरु कर दिया। रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई केस दर्ज हैं। गोटेगांव थाना पुलिस उसे गिरफ्तार भी कर चुकी है।

एक बार फिर वह पुलिस की गिरफ्त में आया है। दरअसल दो दिन पहले उत्तरप्रदेश का एक दंपति गोदान एक्सप्रेस से सफर कर रहा था। पति-पत्नी मुंबई से आजमगढ़ जा रहे थे, तभी रात करीब 3 बजे उनकी कोच में जबलपुर से एक संदिग्ध युवक चढ़ा। रात होने की वजह से सब सो रहे थे। जब सुबह ट्रेन सतना पहुंची तब महिला को पता चला की उसका बैग गायब है।

और पढ़ें: ब्यूरोक्रेसी वाले बयान पर उमा भारती ने दिग्विजय सिंह को लिखा पत्र, अपने बयान पर व्यक्त किया खेद

महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी। उन्होंने GRPF को इसकी खबर दी। जिसके बाद ट्रेन में ही उनकी रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने कहा कि जबलपुर के बाद गोदान एक्सप्रेस ट्रेन सतना में ही रुकी थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही थी कि आरोपी चोर सतना स्टेशन में ही उतरा होगा। जिसके बाद आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई। CCTV के फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध को पकड़ा गया। जो कि माल गोदाम के पास नशे की हालत में मिला था। पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी के पास से पैसे औऱ गहने बरामद हो गए हैं। पुलिस ने आरोपी सिद्धांत गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर दिया है।