ग्वालियर में जनगणना कर्मियों के लिए खास पहल, बेहतरीन काम पर मिलेगा आकर्षक पुरस्कार
ग्वालियर में जनगणना कार्य को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने अनूठी पुरस्कार योजना शुरू की है। उत्कृष्ट और त्रुटिरहित कार्य करने वाले सर्वेयर्स को प्रशस्ति पत्र, मूवी टिकट और कलेक्टर रुचिका चौहान के साथ सपरिवार डिनर का मौका मिलेगा।
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में जनगणना कार्य को गति देने और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रशासन ने एक अलग तरह की प्रोत्साहन योजना शुरू की है। 1 मई से शुरू हुई जनगणना के बीच कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान ने घोषणा की है कि उत्कृष्ट और त्रुटिरहित कार्य करने वाले प्रगणकों को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें न सिर्फ सर्टिफिकेट और मूवी टिकट दिए जाएंगे बल्कि कलेक्टर के साथ सपरिवार डिनर करने का अवसर भी मिलेगा।
इस पहल के तहत जिले के सभी अनुविभागों में कार्यरत प्रगणकों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। अनुविभागीय जनगणना अधिकारियों द्वारा तैयार प्रस्ताव के अनुसार, प्रत्येक अनुविभाग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सर्वेयर्स को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कृत किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे कर्मचारियों में प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ जिम्मेदारी का भाव भी बढ़ेगा।
पुरस्कार के लिए चयन प्रक्रिया पूरी तरह कार्य की गुणवत्ता पर आधारित होगी। इसमें यह देखा जाएगा कि सर्वेयर ने अपना काम कब शुरू किया और तय समय सीमा में उसे कितना सटीक और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया। इसके अलावा जिन कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों ने जनगणना प्रक्रिया में विशेष योगदान दिया है उन्हें भी अलग से सम्मानित करने की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने स्व गणना को बढ़ावा देने वाले और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने वाले कर्मचारियों को भी इस योजना में शामिल किया है। साथ ही सीएमएमएस पोर्टल पर बेहतर प्रदर्शन करने और चार्ज स्तर पर समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने वाले अधिकारी कर्मचारी भी पुरस्कार के पात्र होंगे।
जिले में कुल 8 अनुविभाग हैं और हर अनुविभाग से 25 सर्वेयर्स का चयन किया जाएगा। इसमें प्रथम श्रेणी के 10, द्वितीय श्रेणी के 10 और तृतीय श्रेणी के 5 सर्वेयर्स शामिल होंगे। इस तरह कुल 200 सर्वेयर्स को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक अनुविभाग से एक विशेष श्रेणी का पुरस्कार भी दिया जाएगा। जिससे कुल 8 अतिरिक्त शासकीय सेवकों को भी सम्मान मिलेगा।




