भोपाल में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, 3 लोगों की मौत, एक घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस

बताया जा रहा है कि चारों युवक सीहोर के दरबार होटल में खाना खाने गए थे। लौटते समय इंदौर-भोपाल हाईवे पर कार पेड़ से टकरा गई।

Updated: May 23, 2025, 11:48 AM IST

भोपाल। भोपाल के बैरागढ़ में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान प्रीत आहूजा, विशाल डाबी और पंकज सिसोदिया के रूप में हुई है। प्रीत कपड़े की दुकान चलाता था। विशाल उसी की दुकान में काम करता था।

एक्सीडेंट चिरायु अस्पताल के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और एम्बुलेंस करीब एक घंटे लेट मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि MP04 EA 6004 नंबर की व्हाइट कलर की हुन्डई वेन्यू कार प्रीत आहूजा के भाई कमलेश आहूजा के नाम पर रजिस्टर्ड है। हादसे में घायल राहुल कंडारे को चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिजनों ने बताया कि चारों युवक सीहोर के दरबार होटल में खाना खाने गए थे। लौटते समय इंदौर-भोपाल हाईवे पर कार पेड़ से टकरा गई। गाड़ी प्रीत चला रहा था। विशाल उसके बगल वाली जबकि राहुल और कमलेश पीछे की सीट पर बैठे थे।