एवरेस्ट फतह कर लौटते समय दो भारतीय पर्वतारोहियों की मौत, थकान की वजह से गई जान

दुनिया की सबसे ऊंची चोटी से उतरते वक्त मरने वाले दोनों भारतीय पर्वतारोहियों की पहचान अरुण कुमार तिवारी और संदीप आरे के रूप में हुई है।

Updated: May 22, 2026, 04:56 PM IST

दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट से एक बेहद ही दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। एवरेस्ट से नीचे उतरते समय दो भारतीय पर्वतारोहियों की दर्दनाक मौत हो गई है। नेपाल के एक अधिकारी ने शुक्रवार को इस बेहद दुखद घटना की आधिकारिक पुष्टि की है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार यह जानकारी शुक्रवार, 22 मई को एक अधिकारी ने दी। मृत पर्वतारोहियों की पहचान अरुण कुमार तिवारी और संदीप आरे के रूप में हुई है। नेपाल एक्सपीडिशन ऑपरेटर्स एसोसिएशन के महासचिव ऋषि भंडारी ने बताया कि दोनों पर्वतारोही चोटी से नीचे उतरते समय बेहद थक गए थे। उनके गाइडों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

भंडारी ने पीटीआई को बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि अरे ने बुधवार को और तिवारी ने बृहस्पतिवार शाम लगभग 5:30 बजे शिखर पर चढ़ाई की। उन्होंने कहा कि गाइड ने बहुत मेहनत की लेकिन वे उन्हें (पर्वतारोहियों को) बचा नहीं सके। पर्वतारोही संदीप अरे की मौत बृहस्पतिवार को हुई और यह स्पष्ट नहीं है कि तिवारी की मौत कब हुई।

बुधवार को, अरे सहित तीन भारतीय 274 पर्वतारोहियों में शामिल थे जिन्होंने 8,848.86 मीटर ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की। यह एक दिन में अब तक दर्ज सबसे अधिक सफल चढ़ाइयों का नया रिकॉर्ड था। अन्य दो पर्वतारोही तुलसी रेड्डी पालपुनूरी और अजय पाल सिंह धालीवाल थे। इसके अगले दिन यानी बृहस्पतिवार को भारत के लक्ष्मीकांत मंडल ने भी विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ाई की थी।