MP: भीषण गर्मी की चपेट में NCC कैडेट्स, जबलपुर कैंप में 31 बीमार
मध्य प्रदेश के जबलपुर में चल रहे NCC ट्रेनिंग कैंप में भीषण गर्मी के कारण 31 से ज्यादा कैडेट्स की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में आयोजित एनसीसी ट्रेनिंग कैंप के दौरान 31 से अधिक कैडेट्स की अचानक तबीयत खराब हो गई। डुमना रोड स्थित ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में चल रहे इस कैंप में गुरुवार रात बच्चों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के लक्षण दिखाई देने लगे। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सभी बीमार कैडेट्स को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। फिलहाल कुछ छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 बजे कई कैडेट्स ने चक्कर आना, उल्टी-दस्त और अत्यधिक कमजोरी की शिकायत की। इसके बाद कैंप प्रशासन ने तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में एनसीसी अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे थे। घटना की सूचना कैडेट्स के परिजनों को भी दे दी गई है।
यह भी पढ़ें:CG: बिलासपुर में म्यूल अकाउंट सिंडिकेट का खुलासा, छात्रों और मजदूरों के खातों से करोड़ों की साइबर ठगी
यह ट्रेनिंग कैंप मध्य प्रदेश आर्म्ड स्क्वाड्रन एनसीसी की ओर से 14 मई से आयोजित किया जा रहा है। ट्रिपल आईटीडीएम परिसर में चल रहे 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सीएटीसी-98 में जबलपुर सहित सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, तेंदूखेड़ा, कटंगी और नुनसर जैसे क्षेत्रों से करीब 450 कैडेट्स शामिल हुए हैं। यह शिविर 24 मई तक संचालित होना है।
प्रारंभिक जांच में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भीषण गर्मी और लगातार पड़ रही लू को घटना का मुख्य कारण माना है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से जबलपुर में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। जबकि, प्रदेश के कई हिस्सों में पारा 47 डिग्री तक पहुंच चुका है। इसी तेज गर्मी के बीच खुले मैदान में एनसीसी कैडेट्स का नियमित प्रशिक्षण जारी था।
यह भी पढ़ें:BJP विधायक का ब्लैकलिस्टेड वेयरहाउस बना गेहूं खरीदी केंद्र, दो महीने पहले ही खाद्य विभाग ने की थी कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक, लगातार धूप और बढ़ते तापमान के कारण कई कैडेट्स डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का शिकार हो गए। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने कैंप की व्यवस्थाओं और मौसम को देखते हुए आगे की सुरक्षा तैयारियों की भी समीक्षा शुरू कर दी है।




