MP में अब थमेगा आंधी-बारिश का दौर, 12 मई से लू का अलर्ट, कई शहरों में बढ़ेगा तापमान

मध्य प्रदेश में अब आंधी-बारिश का दौर थमने वाला है। मौसम विभाग ने 12 मई से कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।

Updated: May 10, 2026, 01:34 PM IST

मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर अब थमने वाला है। मौसम विभाग ने 12 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। रविवार से ही तापमान में बढ़ोतरी शुरू होने के संकेत हैं। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

शनिवार को प्रदेश में ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय रहने के कारण कई जिलों में मौसम बदला हुआ रहा था। दिनभर बादल छाए रहे और शाम के समय कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई थी। भोपाल, बैतूल, सिवनी, पांढुर्णा, डिंडौरी, अनूपपुर, रायसेन, गुना, विदिशा, राजगढ़, सागर, जबलपुर, दमोह, बालाघाट, मंडला, उमरिया, शहडोल और छिंदवाड़ा में बारिश और आंधी का असर देखने को मिला था।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 30 अप्रैल से लगातार मौसम में बदलाव बना हुआ था। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, ट्रफ और साइक्लोनिक सिस्टम की वजह से 9 मई तक कई जिलों में बारिश होती रही थी। मई के पहले सप्ताह में सामान्य से अलग मौसम बना रहा था लेकिन अब आसमान साफ होने के साथ गर्मी तेजी से बढ़ने की संभावना है।

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि 10 मई के बाद प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और तापमान लगातार बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि 12 और 13 मई को प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों के कुछ जिलों में लू चल सकती है।

गर्मी बढ़ने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। विभाग ने नागरिकों को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में बाहर न रहने की सलाह दी है। हल्के रंग और सूती कपड़े पहनने की भी अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

राजधानी भोपाल में मई के दौरान गर्मी और बारिश दोनों का रिकॉर्ड रहा है। पिछले 10 सालों के आंकड़ों के अनुसार, 2016 में यहां तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो अब तक का सबसे अधिक तापमान माना जाता है। वहीं, 2014 से 2023 तक हर साल मई में बारिश भी दर्ज की गई। 2021 और 2023 में दो इंच से ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड हुई थी।

इंदौर में भी मई के महीने में भीषण गर्मी पड़ चुकी है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक, 31 मई 1994 को शहर का तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यहां भी मई के दौरान कई बार बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिलती है। पिछले साल मई में करीब तीन इंच बारिश दर्ज की गई थी। जबकि, 2014 से 2023 के बीच नौ बार इस महीने में बारिश हुई थी।

ग्वालियर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में गिना जाता है। पिछले एक दशक में यहां कई बार तापमान 46 और 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। शहर का सर्वाधिक तापमान 30 मई 1947 को 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि, मौसम में बदलाव के चलते यहां मई में बारिश भी होती रही है। 17 मई 1953 को 24 घंटे में 41.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जबकि 2023 में ढाई इंच तक पानी गिरा था।