नर्मदापुरम में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर से जा टकराई टवेरा कार, 5 लोगों की मौत और 7 घायल
नर्मदापुरम में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बुधनी से शादी समारोह से लौट रही टवेरा कार आंचलखेड़ा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस भीषण हादसे में दूल्हे के भतीजे सहित 5 लोगों की मौत हो गई।
नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम पिपरिया स्टेट हाईवे पर आंचलखेड़ा के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 5 लोगों की जान चली गई। जबकि, 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक टवेरा वाहन अनाज से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। सभी मृतक और घायल महेंद्रवाड़ी व माखननगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं और बुधनी से शादी समारोह से लौट रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, टवेरा में सवार लोग गांव के राघवेंद्र मोरप्पा की शादी में शामिल होने बुधनी गए थे। देर रात वापसी के दौरान आंचलखेड़ा के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से क्रॉसिंग के दौरान टवेरा उसकी साइड से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें:MP: बेकाबू हुई अप्रैल की गर्मी, खजुराहो में पहली बार 45 डिग्री पार पहुंचा पारा, 13 जिलों में लू का अलर्ट
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों व राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि, घायलों का इलाज जारी है। शवों का पोस्टमॉर्टम नर्मदापुरम में किया जाएगा।
हादसे में जान गंवाने वालों में 18 वर्षीय शुभम मोरप्पा शामिल है। वह दूल्हे राघवेंद्र का भतीजा था। उसका भाई सुमित मोरप्पा इस दुर्घटना में घायल हुआ है। इसके अलावा साहिल यादव और उसके बड़े पापा हरी सिंह यादव की मौत हो गई। साहिल बंसल कॉलेज का बीटेक छात्र था। जबकि, उसका भाई अमन यादव गंभीर सिर की चोट के कारण आईसीयू में भर्ती है।
यह भी पढ़ें:राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों को अयोग्य घोषित करें, AAP नेता संजय सिंह ने उपराष्ट्रपति को सौंपी याचिका
मृतकों में विनीत यादव और संतोष प्रजापति भी शामिल हैं। वहीं, घायलों में अमन यादव, विनोद उइके, भारत यादव, आकाश इवने, देवांश इवने, सुमित मोरप्पा और राजेश धुर्वे शामिल हैं। सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।




