इंदौर में कुत्ता घुमाने को लेकर हुआ खूनी संघर्ष, दो लोगों की गोली मारकर हत्या, 6 अन्य घायल

कुत्तों को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बैंक में गार्ड राजपाल ने फायरिंग शुरू कर दी जिसमें दो लोग मारे गए और 6 लोग घायल हो गए।

Publish: Aug 18, 2023, 11:48 AM IST

Image courtesy- Amarujala
Image courtesy- Amarujala

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में मामूली विवाद को लेकर गुरुवार देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। खजराना थाना क्षेत्र में कृष्ण बाग में रहने वाले पड़ोसियों के बीच कुत्ते को घुमाने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद बैंक के गार्ड ने फ़ायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बंदूक जब्त कर ली है।


एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना गुरुवार रात 10:30 बजे के आसपास की है। खजराना थाना क्षेत्र के रामकृष्ण कॉलोनी में रहने वाले राजपाल सिंह राजावत ने अपना कुत्ता बाहर टहलने के लिए छोड़ा था। उनके पड़ोसी विमल ने भी अपना कुत्ता बाहर छोड़ रखा था। दोनों कुत्ते आपस में लड़ने लगे। जिसके बाद विमल ने राजपाल सिंह के कुत्ते को पत्थर से मारा। इसके बाद राजपाल और विमल में कहासुनी शुरू हो गई। 
डीसीपी के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया था कि बैंक में सिक्योरिटी गार्ड राजपाल सिंह ने घर से अपनी लायसेंसी बंदूक निकाल कर फायरिंग शुरू कर दी। कुछ राउंड फायरिंग करने के बाद उसने विमल और राहुल पर गोली चला दी। गोली लगने से विमल और उसके साले राहुल की मौत हो गई। वहीं गोली के छर्रे लगने से राहुल की पत्नी ज्योति और इलाके में रहने वाले ललित, कमल, मोहित और सीमा घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 


पुलिस ने मामले में आरोपी राजपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के बेटे साहिल और अन्य शुभम के खिलाफ भी पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी ली है। मृतकों के घरवालों से भी पूछताछ की गई है। वहीं, इस घटना के बाद मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है


पुलिस के अनुसार मृतक राहुल और विमल रिश्ते में जीजा साले है। विमल सैलून चलाते हैं। वहीं उनका साला राहुल लसूडिया क्षेत्र में किसी ऑफिस में काम करता है। वहीं आरोपी राजपाल बैंक में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। उसके पास लाइसेंसी बंदूक थी जिससे उसने घटना को अंजाम दिया।