सीएम शिवराज के पौधरोपण अभियान के दो साल, रामवन में कैबिनेट मंत्रियों के साथ रोपे 740 पौधे

मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नित्‍य पौधारोपण अभियान के दो साल पूरे होने के अवसर पर भोपाल एयरपोर्ट के समीप रामवन में हुआ कार्यक्रम, सीएम चौहान ने मंत्रियों के साथ किया सामूहिक पौधारोपण।

Updated: Feb 19, 2023, 08:09 AM IST

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने पौधरोपण संकल्प के दो वर्ष पूरे होने पर रविवार को मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के साथ भोपाल एयरपोर्ट के पास नवनिर्मित रामवन में सामूहिक पौधारोपण किया। इस दौरान सीएम शिवराज व अन्य ने मिलकर 740 पौधे लगाए। इस दौरान प्रदेश सरकार के तमाम मंत्रियों के अलावा भाजपा के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, पार्टी प्रदेशाध्‍यक्ष वीडी शर्मा, महापौर मालती राय समेत कई बड़े नेता व जिला प्रशासन व पुलिस के कई बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि 19 फरवरी 2019 को अमरकंटक से उन्होंने ने इस अभियान की शुरुआत की थी। जिसे आज दो साल पूरे हो चुके हैं। इन दो सालों में उन्होंने 2140 पौधे लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मेरे इस संकल्प में जनभागीदारी से 67 लाख से अधिक पौधे अब तक लगाये जा चुके हैं। जन्मदिवस, घर के मंगल प्रसंग, या अपने परिवार के सदस्यों की स्मृति में पौधरोपण करने वाले नागरिकों का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण से संकल्प को जुड़कर सहयोग किया।

सीएम चौहान ने इस दौरान कहा, "ग्लोबल वार्मिंग, क्लाइमेट चेंज से धरती को बचाना है तो हमें पौधरोपण करना पड़ेगा। मेरे मन में विचार आया कि पौधरोपण के लिए जनता को प्रेरित भाषण से नहीं आचरण से करना है, इसलिए मैंने प्रतिदिन पेड़ लगाने का संकल्प लिया। पावन कार्य के लिए संकल्प मजबूत हो तो कोई भी बाधाएं है सामने नहीं टिक सकतीं कोविड-19 के संकट काल में भी पौधरोपण का क्रम निर्बाध जारी रहा। एक पेड़ सिर्फ हमें ऑक्सीजन, फल-फूल, छांव इत्यादि ही नहीं देता, बल्कि न जाने कितने पक्षियों, जीवों, कीट-पतंगों को आश्रय भी देता है।"

सीएम ने कहा, "कई बार हम समय और व्यस्तता की बात कहते हैं। नहाने, खाने, सोने के लिए तो समय निकालते ही हैं लेकिन सोचो कि हमें ऑक्सीजन न मिले तो हम जिंदा रह सकते हैं क्या?जैसे भोजन करके हम शरीर की आवश्यकता की पूर्ति करते हैं। वैसे ही पेड लगाकर ऑक्सीजन की पूर्ति कर सकते हैं। मुझे लगा कि मैं रोज पेड लगाऊं। मैं भगवान को धन्यवाद करता हूं कि एक भी दिन ऐसा नहीं हुआ जिस दिन मैंने पेड न लगाया हो। हमे पेड़ लगाना ही नहीं, बचाना भी है। मध्यप्रदेश में पौधरोपण का एक वृहद अभियान बन गया है। विकास यात्राएँ भी पौधरोपण के साथ प्रारंभ हो रहीं हैं। अंकुर अभियान के अंतर्गत 37 लाख 10 हजार 192 पेड़ लगाए गए।"

सीएम ने आगे कहा, "जन्मदिन पर शॉल, श्रीफल, बुके, स्मृति चिह्न की क्या जरूरत है? जन्मदिन पर पौधे लगाने से बेहतर और क्या हो सकता है! पौधे लगाना मतलब धरती माता का श्रृंगार, हमारे जीने के लिए ऑक्सीजन, पक्षियों के बैठने का स्थान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण का जो संकल्प लिया है, उसमें पौधरोपण के माध्यम से मध्य प्रदेश की बड़ी भूमिका होगी। मैंने मध्य प्रदेश के अलावा 12 राज्यों में पौधरोपण किया है। मध्य प्रदेश पर्यावरण संरक्षण के लिए अनेक संकल्पित प्रयास कर रहा है। हम तो ओंकारेश्वर में पानी पर भी सोलर पैनल बिछा रहे हैं। 3 मई को सांची देश का पहला सोलर सिटी होगा, इसके लिए कार्य लगातार चल रहा है।"