वन विहार में प्लास्टिक के इस्तेमाल पर लगा प्रतिबंध, पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए लिया गया निर्णय

वन विहार में पानी के लिए वाटर एटीएम भी लगा दिए गए हैं, ताकि प्लास्टिक की बोतलों पर रोक लगाई जा सके

Publish: Apr 23, 2023, 01:46 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान ने प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। यह निर्णय वन विहार के पशुओं को बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है। वन विहार में प्रवेश करने वाले पर्यटकों को प्लास्टिक की सामग्री के इस्तेमाल की ज़रूरत न पड़े इसके लिए पर्याप्त इंतज़ाम भी किए गए हैं। 

वन विहार राष्ट्रीय उद्यान की निदेशक पद्मप्रिया बालाकृष्णन ने कहा कि कई बार पर्यटकों ने प्लास्टिक वेस्ट को पार्क में ही छोड़ दिया। जिस वजह से बाद में इन प्लास्टिक वेस्ट को पशुओं ने खाया और वह बीमार पड़ गए। इसलिए हमने यहां पर प्लास्टिक को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। 

पद्मप्रिया ने बताया कि राष्ट्रीय उद्यान के भीतर पर्यटकों के लिए कई तरह के इंतजाम किए गए हैं। अब पर्यटक किसी भी प्लास्टिक सामग्री को लेकर वन विहार में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। पानी के लिए वॉटर एटीएम लगा दिए गए हैं।