मप्र में बदला मौसम का मिजाज, राजगढ़-खरगोन सबसे गर्म, भोपाल में भी बढ़ेगी गर्मी

मध्यप्रदेश में एक्टिव बारिश, ओले और तेज आंधी का सिस्टम खत्म होने के बाद दिन-रात के पारे में दो डिग्री तक उछाल आया है।

Publish: Mar 12, 2023, 03:20 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। प्रदेश में बारिश ओले तेज़ आंधी का सिस्टम खत्म होने के बाद रात- दिन के तापमान में दो डिग्री तक का उछाल देखा गया है। राजगढ़ और खरगोन जिले में दिन के समय में लोगों ने काफ़ी गर्मी महसूस की है। 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों में तेज गर्मी का असर रहने का अनुमान है। इसके बाद 14-15 मार्च से फिर बारिश, ओले और तेज आंधी का दौर आएगा। कई शहरों में तो हवा की स्पीड 70Km प्रतिघंटा पहुंच गई।

जानकारी के मुताबिक बीते 3 से 10 मार्च के बीच साउथ वेस्ट राजस्थान में प्रेरित चक्रवात बना था। इसके अलावा, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय रहा था। इस कारण एक्टिविटी हुई। साउथ कोंकण से लेकर सेंट्रल छत्तीसगढ़ तक ट्रफ लाइन गुजरने से सिस्टम और मजबूत हो गया। इसी की वजह से वेदर डिस्टर्ब हुआ। लगातार छह दिन तक प्रदेश में बारिश के साथ ओले गिरे और तेज आंधी भी चली।

मौसम वैज्ञानिक वहीद खान ने बताया कि बीते रविवार को काफ़ी असर रहा और सोमवार को भी गर्मी का असर रहेगा। खासकर रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। शनिवार को ही तापमान में दो डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राजधानी भोपाल में रविवार को तेज गर्मी का असर रहेगा, जबकि सोमवार से मौसम बदलेगा और बादल छा जाएंगे, जिससे तेज गर्मी से राहत मिलेगी। इसके बाद 18 मार्च तक बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। बदले मौसम के बावजूद दिन का तापमान 33 और रात का पारा 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा।