जयविलास पैलेस के पास चौपाटी बनाएंगे, सिंधिया ने बहुत मौज की अब जनता महल में चाट खाएगी: राज बब्बर

कांग्रेस नेता राज बब्बर ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर सिंधिया के महल के पास चौपाटी बनाया जाएगा, ताकि आम लोग भी महल को देख सकें और महल में जाकर चाट खा सकें।

Updated: Nov 11, 2023, 10:51 AM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का रण रोचक हो चला है। कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार करने ग्वालियर पंहुचे कांग्रेस नेता और जाने-माने फिल्म स्टार राज बब्बर ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि सिंधिया ने बहुत मौज की है, अब जनता जयविलास पैलेस में चाट खाएगी।

कांग्रेस नेता राज बब्बर ने ग्वालियर में पत्रकारों से कहा, 'अगर मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आती है तो सिंधिया के महल के पास चौपाटी बनाया जाएगा। ऐसा इसलिए किया जाएगा ताकि आम लोग भी महल को देख सकें। कांग्रेस की सरकार में महल को पर्यटन का केंद्र बनाया जाएगा। जिससे गरीब भी महल देखे हैं। इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा। जितने लोग आते हैं, उससे कहीं अधिक आएंगे। महल तो जनता और ग्वालियर का ही है। जनता महल में जाएगी और वहां पर मजे से चाट खाएगी। सिंधिया ने बहुत मौज की है। अब जनता मौज करेगी।'

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: कमीशनबाजी पर चल रहा है भाजपा का शासन, रेट लिस्ट टंगी हुई है: दिग्विजय सिंह

राज बब्बर ने सिंधिया पर टिप्पणी करते हुए कहा कि ग्वालियर और मुरैना में कांग्रेस के मेयर बने तब अटारी से नीचे सिंधिया ने देखना शुरू किया, उससे पहले तो वे अटारी से नीचे देखते ही कहां थे। इस बार कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत होगी, क्योंकि मैं यहां कर्नाटक की तरह बदलाव को महसूस कर रहा हूं। ये बदलाव है जोश का और ये बदलाव है गुस्से का जो बीजेपी के कुशासन के प्रति दिख रहा है।

राज बब्बर ने कहा कि भाजपा ने अब अति कर दी है। भाजपा ने 2018 में जनता के जनादेश का मखौल उड़ाया। पोटलियों से पैसों से, फिर भाजपा‌ सरकार आई। लेकिन इस बार कर्नाटक की तरह कांग्रेस के दोगुने विधायक जीत कर आएंगे। जो तोड़ फोड़ की बात करेंगे, खुद‌ ही टूट जाएंगे। भाजपा सरकार के पास मुद्दों की भरमार है लेकिन कांग्रेस के पास जनता है। राज बब्बर ने देवेंद्र तोमर के वीडियो को लेकर कहा कि नरेंद्र तोमर के बेटे का वायरल वीडियो मैंने देखा नहीं है लेकिन जिस तरह से बता रहे हैं कि करोड़ों रुपए की डील हो रही है तो मैं हैरान हूं कि क्या इतने पैसे आ गए हैं।