सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले चंडीगढ़ मेयर का इस्तीफा, AAP के तीन पार्षद हुए भाजपा में शामिल

तीन पार्षदों के पाला बदलने से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी समर्थक पार्षदों की संख्या अब 19 तक पहुंच गयी है। इससे पहले यह आंकड़ा 16 ही था। बहुमत का आकंड़ा 19 ही है।

Updated: Feb 19, 2024, 10:34 AM IST

नई दिल्ली। चंडीगढ़ में भाजपा के मेयर बने मनोज सोनकर ने रविवार देर रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया। चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अरुण सूद ने मेयर के इस्तीफे की पुष्टि की है। आज चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धांधली के मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई भी होनी है।

आम आदमी पार्टी (AAP) के 3 पार्षदों ने रविवार रात दिल्ली पहुंचकर भाजपा ज्वॉइन कर ली है। पूनम देवी, नेहा मुसावत और गुरचरणजीत सिंह काला को पार्टी के जनरल सेक्रेटरी विनोद तावड़े ने भाजपा की सदस्यता दिलाई। अब सोमवार की सुनवाई के बाद अगर सुप्रीम कोर्ट दोबारा मेयर चुनाव करवाने का आदेश देती है, तो BJP की जीत लगभग तय होगी।

बता दें कि सबसे ज्यादा पार्षद होने के बावजूद चंडीगढ़ मेयर पद का चुनाव कांग्रेस-आप गठबंधन हार गई। यहां भाजपा 16 वोट पाकर ही चुनाव जीत गई, जबकि 20 वोट प्राप्त करने वाली गठबंधन को हारा हुआ घोषित कर दिया गया। रिटर्निंग ऑफिसर ने कांग्रेस-आप गठबंधन के आठ वोट रिजेक्ट कर दिए थे। मेयर चुनाव में हुई इस धांधली को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने तल्ख लहजे में टिप्पणी करते हुए कहा था कि हम लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देंगे।