Adhir Ranjan Chowdhury: पश्चिम बंगाल कांग्रेस के नए अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी
Bengal Election: अधीर रंजन चौधरी को एक बार फिर बंगाल में कमान, चौधरी के नेतृत्व में ही कांग्रेस ने लड़ा था 2016 का विधानसभा चुनाव

नई दिल्ली। कांग्रेस ने लोकसभा सांसद अधीर रंजन चौधरी को पश्चिम बंगाल कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। लोकसभा में कांग्रेस दल के नेता अब बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बयान जारी कर बताया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चौधरी को तत्काल प्रभाव से पश्चिम बंगाल कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को बंगाल पीसीसी चीफ का दायित्व सौंपा गया हो। वे इसके पहले भी फरवरी 2014 से लेकर सितंबर 2018 तक बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। हाल ही में बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता अब्दुल मन्नान ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से बंगाल कांग्रेस का अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को अध्यक्ष नियुक्त करने का अनुरोध किया था।
INC COMMUNIQUE
— INC Sandesh (@INCSandesh) September 9, 2020
Important Notification regarding appointment of Shri @adhirrcinc as President of West Bengal Pradesh Congress Committee pic.twitter.com/DhNAzX8rKS
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सोमेंद्र नाथ मिश्रा की बीते 30 जुलाई को मृत्यु हो गई थी जिसके बाद से यह पद खाली था। पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट से लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज करने वाले चौधरी की बंगाल में एक जुझारू नेता की छवि है। 2016 में कांग्रेस ने चौधरी के नेतृत्व में ही बंगाल विधानसभा चुनाव लड़ा था। इस दौरान चौधरी कम्युनिस्ट पार्टियों से गठबंधन कर 44 सीटें जितने में कामयाब हुए थे जिसके बाद कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में आई।
हालांकि प्रदेश में इस बार की परिस्थितियां बिल्कुल अलग है। चूंकि बीजेपी ने बीते कुछ समय में बंगाल में अच्छी पकड़ बनाई है। ऐसे में विधानसभा चुनाव के दौरान तृणमूल के अलावा बीजेपी भी एक चुनौती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बंगाल में साफ छवि के नेता माने जाने वाले चौधरी इस चुनौती को किस तरह से पार पाते हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस मई 2021 विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से वाम दलों से गठबंधन करेगी।