इंडिया ए ने अफगानिस्तान को 101 रनों के बड़े अंतर से दी मात, खिताबी जंग में बनाई जगह

दांबुला में खेले गए डू और डाई मैच में इंडिया ए ने अफगानिस्तान ए को 101 रनों से करारी शिकस्त देकर ट्राई नेशन सीरीज के फाइनल में जगह बना ली है।

Updated: Jun 17, 2026, 07:11 PM IST

ट्राई नेशन ए सीरीज में इंडिया ए ने करो या मरो मुकाबले में अफगानिस्तान ए को 101 रन से हराकर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 319 रन बनाए थे। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए की टीम 36.5 ओवर में 218 रन पर सिमट गई। भारत की जीत के नायक ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे थे। मुकाबले में एक तरफ बल्लेबाजों ने मजबूत स्कोर खड़ा किया तो दूसरी तरफ गेंदबाजों ने अफगान टीम को संभलने का मौका नहीं दिया।

भारतीय पारी की शुरुआत आक्रामक रही थी। युवा ओपनर प्रियांश आर्या ने तेजतर्रार अंदाज में 42 गेंदों पर 58 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और 1 छक्का निकला था। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने भी शुरुआत में आकर्षक बल्लेबाजी की और 28 गेंदों में 38 रन बनाए थे। लेकिन एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके। लगातार चौथी पारी में वह अर्धशतक से दूर रह गए। हालांकि, मैदान पर उन्होंने एक शानदार कैच लेकर भी अपनी छाप छोड़ी।

मिडिल ऑर्डर में कप्तान तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभालते हुए 75 गेंदों पर 59 रन बनाए। कुमार कुशाग्र ने भी 67 गेंदों में 58 रन की उपयोगी पारी खेली। इन तीनों अर्धशतकों की बदौलत भारत ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और अफगानिस्तान के सामने 320 रन का लक्ष्य रखा।

यह भी पढ़ें:भारत में ऐप पर प्रतिबंध की कोशिश के पीछे रिलायंस और मेटा का हाथ, टेलीग्राम CEO का बड़ा आरोप

टारगेट का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने तीसरे ओवर में ही पहला विकेट गंवा दिया था। उस दौरान भारतीय गेंदबाज यश ठाकुर ने हसन इसाखी को 14 रन पर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया था। शुरुआती झटकों के बाद अफगानिस्तान का स्कोर 70 रन पर 3 विकेट हो गया था। इसके बाद फैसल शिनजोदा और बारिस शाह ने पारी को संभालने की कोशिश की। शिनजोदा ने 56 गेंदों में 46 रन बनाए। जबकि, बारिस शाह ने 52 गेंदों पर 57 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली थी।

हालांकि, 157 रन के स्कोर पर अनुकूल रॉय ने शिनजोदा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद बारिस शाह के आउट होते ही अफगानिस्तान की पारी बिखर गई और विकेटों का सिलसिला लगातार जारी रहा। भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और पूरी टीम को 218 रन पर समेट दिया था।

गेंदबाजी में निशांत सिंधु सबसे सफल साबित हुए थे। उन्होंने चार विकेट झटककर अफगानिस्तान की उम्मीदों को खत्म कर दिया था। टीम के लिए यश ठाकुर ने भी दो विकेट लिए थे। जबकि, अंशुल कंबोज, अनुकूल रॉय, विपराज निगम और सूर्यांश शेडगे को क्रमशः एक-एक सफलता मिली थी।

यह भी पढ़ें:गुजरात में बम धमकी वाले ईमेल से मचा हड़कंप, सूरत, वडोदरा और जामनगर के नगर निगम और स्कूलों में अलर्ट

इस जीत के साथ इंडिया ए अंक तालिका में बेहतर नेट रन रेट के आधार पर पहले स्थान पर पहुंच गई है। भारत और श्रीलंका ए दोनों के चार-चार अंक हैं लेकिन भारतीय टीम का नेट रन रेट बेहतर है। वहीं, अफगानिस्तान ए दो अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। 

अब इस सीरीज के खिताबी जंग में भारत का मुकाबला किस टीम से होगा इसका फैसला 19 जून को श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच होने वाले मैच के बाद होगा। मौजूदा समीकरणों के अनुसार, श्रीलंका ए के फाइनल में पहुंचने की संभावना ज्यादा है। ऐसे में खिताबी मुकाबले में भारत और श्रीलंका के बीच एक और रोमांचक टक्कर देखने को मिल सकती है।