पप्पू यादव बने पुजारी, राहुल गांधी ने दान पात्र में डाले पैसे, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर संसद में विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कई नेता उस दान पेटी में पैसे डालने के लिए गए तो पप्पू यादव ने पैसे अपनी जेब में डाल लिए और यह दर्शाने का प्रयास किया कि इसी तरह से राम मंदिर के चढ़ावे को चुराया गया था।
नई दिल्ली। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर विपक्ष ने शुक्रवार को संसद ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने एक नाटक के जरिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा और इस मामले पर संसद में चर्चा कराने तथा जवाबदेही तय करने की मांग की।
दरअसल, बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय लोकसभा सदस्य राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पुजारी का वेश धारण करके संसद भवन के मकर द्वार के सामने दान पेटी के साथ बैठे थे। राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों ने दानपेटी में चंदा डाला। इस दौरान पप्पू यादव ने दान के पैसे अपनी जेब में डाल लिए और यह दर्शाने का प्रयास किया कि इसी तरह से राम मंदिर के चढ़ावे को चुराया गया था। इसके बाद कई विपक्षी सदस्यों ने ‘चोर-चोर’ और ‘चढ़ावा चोर’ कहते हुए पप्पू यादव को घेर लिया।
फैजाबाद (अयोध्या) से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, ‘आज यह मुद्दा पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। यह कहा जा सकता है कि इस लड़ाई की शुरुआत अखिलेश यादव ने की थी, और इसे आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है, जो हमें अयोध्या की जनता ने सौंपी है।’ उन्होंने आगे कहा कि अयोध्या मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन भूमि है। यदि अयोध्या का अपमान हुआ है, तो हम इस मुद्दे को पूरी दृढ़ता के साथ उठाएंगे। हम इसे संसद में भी उठाएंगे और इस पर चर्चा की मांग भी करेंगे।
विपक्षी सदस्यों ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ भी संसद परिसर में नारेबाजी की और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मकर द्वारा पर मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी समेत अन्य विपक्षी सांसद दिख रहे थे और उनके हाथ में 'अमित शाह संसद से गायब क्यों' वाला पोस्टर दिख रहा था।




