महाकुंभ से लौट रही बस दुर्घटनाग्रस्त, मंदसौर के 3 श्रद्धालुओं की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

सीएम मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख एवं गंभीर घायलों को ₹1-1 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

Updated: Feb 13, 2025, 07:07 PM IST

मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर से महाकुंभ में स्नान करने गए श्रद्धालुओं की एक बस राजस्थान के कोटा में हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। सीएम मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख एवं गंभीर घायलों को ₹1-1 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। 

बताया जा रहा है कि मंदसौर के श्रद्धालु महाकुंभ में स्नान करने बस से गए थे। ये श्रद्धालु वापस अपने गांव लौट रहे थे, इसी दौरान उनकी बस की राजस्थान के कोटा जिले के सिमलिया गांव के पास नेशनल हाईवे दिल्ली-मुंबई पर ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं दो लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार जारी है।

हादसा गुरुवार सुबह राजस्थान के कोटा जिले में सिमलिया इलाके में कराड़िया के पास हुआ। सिमलिया थाना के प्रधान आरक्षक हरिराज सिंह ने बताया कि हादसा सुबह साढ़े 6 बजे के आसपास हुआ। बस में करीब 56 यात्री सवार थे। बस यात्री एमपी के मंदसौर और रतलाम जिलों के रहने वाले हैं। सभी यात्री प्रयागराज से स्नान करके वापस लौट रहे थे। सुबह के वक्त हाईवे पर एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान बस पीछे से खड़े ट्रक में घुस गई। इस हादसे में मंदसौर निवासी कैलाशी बाई (54), किशोरी लाल (60) व अशोक (35) की मौत हुई है।

घटना को लेकर दुख जताते हुए सीएम मोहन यादव ने ट्वीट किया, 'प्रयागराज महाकुंभ से मंदसौर लौट रही यात्री बस का दिल्ली-मुंबई हाईवे पर कोटा जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने से 3 यात्रियों की असामयिक मृत्यु एवं कुछ यात्रियों के गंभीर घायल होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है।मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख एवं गंभीर घायलों को ₹1-1 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। अन्य सभी घायलों के समुचित उपचार हेतु जिला प्रशासन को निर्देशित किया है।परमपिता परमात्मा दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति दें व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'