बिहार को जल्द मिलेगा नया मुख्यमंत्री, विधायक दल का नेता चुनने BJP ने शिवराज को बनाया पर्यवेक्षक
बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने नई सरकार के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने के संकेत देते हुए कहा कि भाजपा को मुख्यमंत्री के नाम की अनुशंसा करनी है।
पटना। बिहार को इस हफ्ते नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। निवर्तमान सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद यह तय माना जा रहा है कि इस बार प्रदेश का मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी का ही होगा। इससे पहले भाजपा ने नए सीएम के चुनाव के लिए अपना पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया है। केंद्रीय कृषि मंत्री व मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को बीजेपी विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
बीजेपी की ओर से रविवार को जारी आदेश में लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास मंत्री, भारत सरकार को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने नई सरकार के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने के संकेत देते हुए कहा कि भाजपा को मुख्यमंत्री के नाम की अनुशंसा करनी है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री बनने को लेकर गेंद भाजपा के पाले में डाल दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नाम की अनुशंसा भाजपा को करनी है और उसके बाद एनडीए विधायकों की बैठक होगी, जिसमें एनडीए का विधायक दल अपना नेता चुनेगा।
बहरहाल, बिहार में बीजेपी की तरफ से नए मुख्यमंत्री के चुनाव में अब शिवराज सिंह चौहान की भूमिका अहम हो गई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि 15 अप्रैल को बिहार के नए मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ले लेंगे। वहीं इसी बीच ये भी चर्चा है कि सम्राट चौधरी सीएम पद की रेस में आगे चल रहे हैं। इसके अलावा विजय कुमार सिन्हा, श्रेयसी सिंह, संजय जायसवाल और नित्यानंद राय के नाम की भी चर्चा है।




