BJP को मिला नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, निर्विरोध निर्वाचित हुए नितिन नबीन
नितिन नबीन के अलावा किसी और ने नामांकन दाखिल नहीं किया। लिहाजा नामांकन दाखिल करने की समय सीमा खत्म होने के बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी को 6 साल बाद आखिरकार नया अध्यक्ष मिल गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अब पार्टी का कमान संभालेंगे। नितिन नबीन को सोमवार को भाजपा अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
नितिन नबीन पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे। सोमवार नॉमिनेशन की प्रक्रिया पार्टी हेडक्वार्टर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, नितिन गडकरी और दूसरे सीनियर नेताओं की मौजूदगी में शुरू हुई थी। इन सभी नेताओं ने चुनाव अधिकारी को नितिन के लिए समर्थन पत्र जमा कर किया।
अध्यक्ष चुनाव के निर्वाचन अधिकारी के लक्ष्मण के मुताबिक नितिन नवीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के पक्ष में 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन की जांच हुई। एक ही नामांकन पत्र आया तो चुनाव अधिकारी ने नितिन को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया। उन्होंने बताया अगर किसी और दावेदार ने फॉर्म जमा किया तो 20 तारीख को वोटिंग होती। हालांकि, नितिन नबीन की औपचारिक ताजपोशी 20 जनवरी को ही होगी।
बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव राष्ट्रीय परिषद करती है, जिसमें लगभग 5,708 सदस्य शामिल हैं। इसमें राष्ट्रीय परिषद और सभी राज्य परिषदों के सदस्य शामिल होते हैं, जो देश के 30 से अधिक राज्यों से आते हैं। लेकिन अगर केवल एक नामांकन होता है, तो मतदान की जरूरत नहीं होगी। इससे पहले नितिन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने को लेकर उनकी पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को पहचान है कि कौन व्यक्ति काम करने में सक्षम, हीरे की परख जौहरी को ही होती है। पार्टी ने हीरा चुनकर निकाल लिया। पार्टी के लिए नितिन ने दिन रात मेहनत की। उनकी मेहनत का फल उन्हें मिल गया।




