मध्य प्रदेश के 20 जिलों में अति बारिश का ऑरेंज अलर्ट, ग्वालियर का हरसी बांध ओवरफ्लो

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी बारिश जारी है। कई जिले बाढ़ की चपेट में है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को एमपी के 20 से अधिक जिलों में अति बारिश, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Updated: Jul 11, 2025, 01:34 PM IST

Photo Courtesy: Punjab Kesari
Photo Courtesy: Punjab Kesari

भोपाल। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी बारिश जारी है। कई जिले बाढ़ की चपेट में है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को एमपी के 20 से अधिक जिलों में अति बारिश, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं अति बारिश वाले जिलों में सतना, रीवा, जबलपुर, मऊगंज, सीधी, पन्ना, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा, सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल और नर्मदापुरम शामिल है। यह सभी जिले ऑरेंज अलर्ट पर है। 

इसके अलावा ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, विदिशा, दमोह, रायसेन और नरसिंहपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। वहीं इंदौर भोपाल समेत कुछ जिलों में धीमा पानी गिरेगा। भारी बारिश के बीच गुना में दो बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना कुंभराज के खेजरा रामा गांव की है। 6 वर्षीय लल्लू बैरागी और 4 साल के कबीर मीना शाम के वक्त करीब 6 बजे नदी में नहाने गए थे। इसी बीच दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए जिससे दोनों बच्चों डूब गए। बच्चों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए और आसपास के इलाकों में ढूंढना शुरू किया। तभी नदी के पास दोनों बच्चों के कपड़े दिखे ।  रात करीब 9‌ बजे मछली पकड़ने के जाल से दोनों के शव बाहर निकाले गए। 

यह भी पढ़ें: जबलपुर के घाटों में बाढ़, भेड़ाघाट-ग्वारीघाट डूबा, बरगी बांध के 17 गेट खोले गए

गुरुवार को मध्य प्रदेश के 15 जिले‌ में जमाझम बारिश हुई। कई नदी- नालों का जलस्तर बढ़ गया। मंडला जिले में नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे कई गांव में बाढ़ का खतरा बना है। ग्वालियर और रीवा में 9 घंटों में ढाई  इंच बारिश हुई। जिससे ग्वालियर - शिवपुरी की सीमा पर स्थित हरसी बांध में अधिक जल भराव के कारण पानी का ओवरफ्लो हो गया। जिससे दोनों जिलों के करीब 20 से ज्यादा गांव में पानी बढ़ बाढ़ सकता है। दतिया में पौने इंच सतना,  खजुराहो और टीकमगढ़ में आधा इंच पानी गिरा।