बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को मिली जान से मारने की धमकी, करोड़ों रुपए फिरौती की डिमांड
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को व्हाट्सऐप वॉयस नोट के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस को एक्सटॉर्शन का शक है और शुरुआती जांच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भूमिका की आशंका जताई जा रही है।
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप वॉयस नोट के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। वॉयस नोट के जरिए धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस के मुताबिक, धमकी के पीछे जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) की मंशा हो सकती है और शुरुआती जांच में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। धमकी के बाद अभिनेता के घर और आसपास की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने बताया कि धमकी भरा वॉयस नोट मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। वॉयस नोट भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है, साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वॉयस नोट की ऑथेंटिसिटी क्या है। फिलहाल किसी भी गैंग या अपराधी समूह ने सार्वजनिक तौर पर इस धमकी की जिम्मेदारी नहीं ली है।
जानकारी के अनुसार, धमकी देने वालों ने रणवीर सिंह से करोड़ों रुपये की मांग की है। इसी कारण पुलिस इस केस को संभावित एक्सटॉर्शन एंगल से भी देख रही है। हाल ही में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी पर हुए शूटिंग हमले के बाद मुंबई पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट पर है और इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।
धमकी के बाद रणवीर सिंह और उनकी पत्नी अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने अपने सेंट्रल मुंबई स्थित आवासीय परिसर में निजी सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात कर दी है। हालांकि, भारी सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर सोसायटी के अन्य निवासियों ने चिंता जताई है। सोसायटी की मैनेजिंग कमेटी ने पुलिस को पत्र लिखकर कहा है कि हथियारों के साथ तैनात सुरक्षाकर्मी अक्सर लॉबी, जिम और बच्चों के खेल क्षेत्र जैसे कॉमन एरिया में आवाजाही कर रहे हैं।
मुंबई पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था को इस तरह संतुलित किया जाएगा जिससे अभिनेता की सुरक्षा भी सुनिश्चित रहे और सोसायटी के अन्य निवासियों को असुविधा न हो। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि धमकी का मकसद सिर्फ डराना है या इसके पीछे किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क की साजिश है।




