Chetan Chauhan: UP के मंत्री चेतन चौहान की हालत नाज़ुक

Coronavirus India: यूपी सरकार में होम गार्ड मंत्री चेतन चौहान भारतीय क्रिकेट टीमन के सदस्य रहे हैं, उन्हें मेदांता अस्पताल में किया गया शिफ्ट

Updated: Aug 16, 2020, 07:46 AM IST

photo courtesy: hindustan times
photo courtesy: hindustan times

लखनऊ/गुरुग्राम। यूपी की योगी सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान ही हालत बिगड़ गई है। किडनी और ब्लड प्रेशर की समस्याओं से जूझ रहे पूर्व क्रिकेटर को लखनऊ से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल शिफ्ट किया गया है। चेतन चौहान कोरोना से भी संक्रमित हैं। 

यूपी सरकार में होम गार्ड मंत्री चेतन चौहान को इससे पहले जुलाई महीने में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती किया गया था। चेतन चौहान कोरोना को मात दे पाते कि उससे पहले ही उन्हें किडनी और ब्लड प्रेशर की समस्याएं शुरू हो गईं। जिसके बाद चौहान को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। चौहान को अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। ताज़ा जानकारी मिलने तक चौहान की हालत नाज़ुक बनी हुई है। 

चेतन चौहान उत्तर प्रदेश सरकार में होम गार्ड मंत्री हैं। इससे पहले वे बीजेपी से दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। चेतन चौहान राजनेता होने के साथ साथ भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर भी हैं। चेतन चौहान ने 40 टेस्ट मैचों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। 

बता दें कि हाल ही में यूपी के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले योगी सरकार में प्राविधिक शिक्षा मंत्री रही कमल रानी वरुण का भी कोरोना के कारण निधन हो गया था। पूर्व मंत्री को भी लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती किया गया था।

इनके अलावा खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी, जेल मंत्री जय प्रताप सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह, धर्म सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री मोती सिंह और महेंद्र सिंह कोरोना से ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी पिछले हफ्ते कोरोना पॉजिटिव मिले थे।