जम्मू-कश्मीर के कठुआ में बादल फटने से भीषण तबाही, 7 लोगों की मौत और कई घायल
साथ ही कई लोगों को तलाश किया जा रहा। जानकारी मिलने के बाद प्रशासन यहां पहुंच गया है। इसके अलावा यहां भूस्खलन की भी घटना हुई है। जिले में रात भर हुई भारी बारिश के बीच राजबाग और जंगलोट के इलाके के जॉड घाटी गांव में बादल फटा।

कठुआ। जम्मू कश्मीर में मौसम का कायराना कहर रुकने का नाम नहीं ले रहा। यहां बादल फटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। कई लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। किश्तवाड़ के बाद अब कठुआ में बादल फटने की दर्दनाक घटना सामने आई है। इसमें सात लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हुए हैं। साथ ही कई लोगों को तलाश किया जा रहा। जानकारी मिलने के बाद प्रशासन यहां पहुंच गया है।
इसके अलावा भूस्खलन की भी घटना यहां पर हुई है। जिले में रात भर हुई भारी बारिश के बीच राजबाग और जंगलोट के इलाके के जॉड घाटी गांव में बादल फटा। घाटी गांव में यह आपदा आई है। कठुआ के जिला विकास आयुक्त राजेश शर्मा वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बचाव और राहत अभियान की मॉनिटरिंग के लिए घटनास्थल पर पहुंचे हैं। अधिकारियों ने बताया कि बादल फटने से प्रभावित जोध घाटी में जहां पांच लोगों की जान चली गई, वहां गांव तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया और कुछ घरों को नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए NDA उम्मीदवार का ऐलान आज, शाम 6 बजे होगी भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक
वहीं,कठुआ थाना इलाके के बागड़ और चांगडा गांवों और लखनपुर थाना क्षेत्र के दिलवान-हुतली में भी भूस्खलन हुआ। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण अधिकांश जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है और उझ नदी खतरे के निशान के आसपास बहने लगी है। जिला प्रशासन स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए है और लोगों से उनकी सुरक्षा के लिए जलाशयों से दूर रहने का अनुरोध किया है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया है और प्रशासन को लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राहत और निकासी के उपाय करने का निर्देश दिया।
मृतकों की पहचान हो चुकी है। जिनमें बगरा, जंगलोट तहसील कठुआ की रेणु देवी (39 वर्ष), और उनकी बेटी राधिका (9 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं जोड़े गांव तहसील कठुआ में सुरमु दीन (30 वर्ष), उनके बेटे फानू (6 वर्ष) और शेडू (5 वर्ष), हबीब दीन के बेटे टाहू (2 वर्ष) और बशीर अहमद की बेटी ज़ुल्फान (15 वर्ष) की भी इस हादसे में जान गई है।