उत्तर भारत में ठंड का कहर, कानपुर में हार्ट अटैक और ब्रेन हेमरेज से 25 की मौत, शीतलहर बढ़ने की संभावना

अगले 24 से 48 घंटों के दौरान, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों सहित पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर बढ़ने की संभावना है।

Updated: Jan 06, 2023, 05:56 AM IST

नई दिल्ली। उत्तर भारत में पिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण ठंड अब जानलेवा साबित हो रही। कानपुर शहर में हार्ट अटैक और ब्रेन हेमरेज से गुरुवार को 25 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने कहा है कि अभी तीन दिन तक ठंड में कमी होने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के दौरान, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों सहित पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर बढ़ने की संभावना है।

कानपुर में लगातार भीषण ठंड पड़ रही है और तापमान रात में 2 डिग्री तक पहुंच रहा है। ठंड का आलम यह रहा कि 15 मरीज तो हृदय रोग संस्थान में पहुंचने से पहले दम तोड़ चुके थे, जबकि इलाज के दौरान 7 की मौत हो गई। ब्रेन अटैक से मरने वाले 3 मरीज तो अस्पताल भी नहीं पहुंच पाए। 

यह भी पढ़ें: रीवा में मंदिर के गुंबद से टकराकर प्लेन क्रैश, हादसे में एक पायलट की मौत, ट्रेनी पायलट घायल

कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट के कंट्रोल रूम के मुताबिक गुरुवार को इमरजेंसी और ओपीडी में 723 हृदय रोगी आए। कार्डियोलॉजी के निदेशक प्रोफेसर विनय कृष्णा का कहना है। ठंड की वजह से ब्लड प्रेशर बढ़ने से नसों में खून का थक्का जम जा रहा है जिसकी वजह से ब्रेन और हार्ट अटैक आ रहा है। 

राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं। दिल्ली में आज 4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम और 17 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।पंजाब के कई इलाकों में कोल्ड डे से लेकर गंभीर कोल्ड डे की स्थिति होने की संभावना है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों सहित पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर बढ़ने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: सम्मेद शिखर नहीं बनेगा पर्यटन स्थल, विरोध के बाद बैकफुट पर केंद्र सरकार, कमलनाथ ने जैन समाज को दी बधाई

आईएमडी के अनुसार, सात से नौ जनवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में वर्षा और बर्फबारी की संभावना है। अगले 24 घंटों में मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बारिश की संभावना है। सिंधु-गंगा के मैदानी इलाकों में सतह के निकट हल्की हवाओं और उच्च नमी के जारी रहने के कारण कई क्षेत्रों में घने से बहुत घने कोहरे के जारी रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में अगले 2-3 दिनों तक घना कोहरा रहेगा। उत्तरी मध्य प्रदेश, बिहार, असम में भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।