शायद मोदी जी को मेरे कुछ शब्द पसंद नहीं आए, टिकट कटने पर छलका सांसद प्रज्ञा ठाकुर का दर्द

भोपाल लोकसभा सीट से बीजेपी ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का टिकट काट दिया है। कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने हत्यारे गोडसे को सच्चा देशभक्त कहा था।

Updated: Mar 04, 2024, 06:07 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा की बड़बोली सांसद प्रज्ञा ठाकुर को इसबार पार्टी ने टिकट नहीं दिया है। वाचाल प्रवृति के कारण उनकी टिकट काट दी गई। अब भोपाल से आलोक शर्मा भाजपा प्रत्याशी होंगे। टिकट कटने पर प्रज्ञा ठाकुर का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने कहा कि शायद मोदी जी को मेरे कुछ शब्द पसंद नहीं आए।

दरअसल, साल 2019 में सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोड़से को सच्चा देश भक्त बताया था। प्रज्ञा ठाकुर के इस बयान पर दुनियाभर में भाजपा की फजीहत हुई थी। चौतरफा आलोचनाओं के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि वे प्रज्ञा को कभी माफ नहीं कर पाएंगे। ऐसे में इस बार पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। दिल्ली के दो मौजूदा सांसदों रमेश बिधूड़ी और प्रवेश वर्मा ने भी सांप्रदायिक टिप्पणी की थी। उनका भी टिकट काट दिया गया है।

टिकट कटने पर प्रज्ञा ने कहा कि मैंने उसके लिए माफी मांग ली थी, लेकिन कांग्रेसी और विरोधियों को मेरा बयान खटकता है। वह मेरी आड़ लेकर मोदी जी पर हमला करते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राय मेरे द्वारा कही गई बातों से अलग हो सकती है और हो सकता है कि उन्हें मेरे बयान से ठेस पहुंची हो। मैंने जो कुछ भी कहा वह मेरी सोच पर आधारित था जो वर्षों में परिपक्व हुई है। मैं इसे बदल नहीं सकती।

ठाकुर ने कहा कि उन्होंने जो कहा था वह सत्य था मीडिया ने उनके बयान को विवादित बना दिया था। सांसद ने टिकट नहीं मिलने पर आगे की भूमिका पर कहा कि वह पार्टी नहीं छोड़ने वाली हैं। उन्होंने कहा कि संगठन जो जिम्मेदारी देगा उसको निभाएंगी और जरूरत पड़ने पर हर जगह उपलब्ध रहेंगी