धर्म की रक्षा हेतु आगे आएं, दिग्विजय सिंह ने RSS प्रमुख से की उज्जैन से अयोध्या पदयात्रा में शामिल होने की अपील
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने RSS प्रमुख मोहन भागवत से अपील करते हुए कहा कि धर्म को चंदा चोरों से बचाने के लिए दो अक्टूबर से शुरू होने जा रहा उज्जैन से अयोध्या पदयात्रा में शामिल हों।
भोपाल। राम मंदिर चंदा चोरी की घटना सामने आने के बाद देशभर के रामभक्तों में आक्रोश है। इस चोरी के विरोध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पदयात्रा शुरू करने जा रहे हैं। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से राम नगरी अयोध्या तक की यह पदयात्रा 2 अक्टूबर से शुरू होगी। दिग्विजय सिंह ने मोहन भागवत से भी इस यात्रा में शामिल होने की अपील की है।
दिग्विजय सिंह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि धर्म की रक्षा करने के लिए और धर्म को चंदा चोरों से बचाने के लिए RSS व VHP को आगे आ कर मेरी महाकाल मंदिर से लेकर राम मंदिर तक की पदयात्रा का समर्थन करना चाहिए। सिंह ने भागवत से कहा कि मैं आप से निजी तौर पर 2 अक्टूबर 2026 को हमारी उज्जैन से अयोध्या तक की पदयात्रा में शामिल होने का निवेदन कर रहा हूँ। पोस्ट के अंत में उन्होंने "जय सिया राम" भी लिखा है।
दिग्विजय सिंह ने कारसेवक रहे संतोष दुबे को भी पदयात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। संतोष दुबे उन लोगों में से हैं जिन्होंने सबसे पहले पुलिस को तहरीर दी थी कि राम मंदिर में चोरी हो रही है। उन्होंने चंपत राय को लेकर सनसनीखेज खुलासे भी किए हैं। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने पंडित संतोष दुबे को कहा कि आपने जिस बहादुरी और स्पष्टता से "चंपत चोर" की चोरी को उजागर किया है। आप को बधाई।
सिंह ने आगे कहा कि उन्होंने भी 1 लाख 11 हजार रुपए राम मंदिर निर्माण में चंदा दिया है। इसके पूर्व शिला पूजन में भी चंदा दिया था। तब से इन चंदा चोरों से हिसाब माँगता रहा लेकिन हिसाब नहीं दिया। अब मैं अयोध्या आ कर इनके ख़िलाफ़ अदालत में दावा करूँगा। सिंह ने आगे कहा कि मैं प्रभु राम का भक्त हूँ और वे मेरे इष्टदेव हैं। मैं राघौगढ़ का रहने वाला हूँ राघव जी का मंदिर मेरे राघौगढ़ निवास पर है जहाँ तेल और घी की जौत कई वर्षों से जल रही है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि इसी प्रकार से उज्जैन के पवित्र शिव शंकर भोले बाबा महाकाल मंदिर पर भी इन चंदा चोरों ने क़ब्ज़ा कर लिया है। मंदिर की भूमि हड़प ली है और अब मंदिर प्रांगण में 100 कमरों का आलीशान होटल बना रहे हैं। सिंह ने कहा कि मैंने इन चंदा चोरों से सदैव लड़ाई लड़ी है और आखिरी सांस तक लड़ता रहूंगा। सिंह ने पंडित संतोष दुबे से भी अनुरोध किया है कि आप 2 अक्टूबर 2026 को मेरी पदयात्रा का उज्जैन से शुभारंभ करने के लिए मुख्य अतिथि होंने की स्वीकृति दें और अयोध्या में समापन में भी मेरे साथ रहें।




