शीतकालीन सत्र के दौरान महंगाई के खिलाफ कांग्रेस करेगी मेगा रैली, राहुल और सोनिया गांधी भी होंगे शामिल

कांग्रेस की यह रैली बारह दिसंबर को आयोजित होगी, इस रैली का नाम महंगाई हटाओ रैली रखा गया है

Publish: Nov 26, 2021, 12:53 PM IST

नई दिल्ली। देश भर में महंगाई के विरुद्ध जन जागरण अभियान चलाने के बाद अब दिल्ली में कांग्रेस पार्टी मोदी सरकार के खिलाफ हुंकार भरेगी। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस पार्टी एक मेगा रैली आयोजित करने वाली है। जिसमें खुद पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी शामिल होंगे। 

कांग्रेस पार्टी की यह रैली बारह दिसंबर को आयोजित होगी। इस रैली का नाम महंगाई हटाओ रैली रखा गया है। इस रैली में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ साथ कांग्रेस पार्टी के तमाम नेताओं के एक मंच पर होने की उम्मीद है। 

अगले साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भी इस मेगा रैली को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस रैली में महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल करने के साथ साथ कांग्रेस के नेता बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था और बेरोज़गारी जैसे मसलों को भी उठाएंगे। कुल मिलाकर इस रैली के जरिए कांग्रेस पार्टी मोदी सरकार की विफल नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोलेगी। 

कांग्रेस पार्टी का जन जागरण अभियान का समापन 29 नवंबर को हो रहा है। 14 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान में कांग्रेस पार्टी के तमाम बड़े नेताओं ने जनता से सीधा संवाद स्थापित किया है। कांग्रेस पार्टी लागतार जन सरोकारों के मुद्दे पर जनता को जागरूक करने का प्रयास कर रही है। सड़क से लेकर संसद तक कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को उठा रही है।