विदिशा में भाजपा नेता की पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या, जांच में जुटी पुलिस

विदिशा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावर ने भाजपा नेता और पूर्व सरपंच रामविलास ठाकुर की पत्नी रानी ठाकुर की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी।

Updated: Mar 10, 2025, 06:31 PM IST

Photo courtesy: NDTV
Photo courtesy: NDTV

विदिशा| जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम जेतपुरा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावर ने भाजपा नेता और पूर्व सरपंच रामविलास ठाकुर की पत्नी रानी ठाकुर की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। यह घटना सोमवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है।

रामविलास ठाकुर ने पुलिस को बताया कि वे सुबह खेत पर गए थे और दोपहर में जब घर लौटे, तो उन्होंने अपनी पत्नी को किचन में खून से लथपथ पड़ा पाया। घटना के समय उनकी 22 वर्षीय बेटी भी घर में मौजूद थी, लेकिन वह करीब 10 मिनट पहले बाथरूम में नहाने चली गई थी। इसी दौरान हमलावर ने हमला कर दिया। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।

यह भी पढ़ें: सीधी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और एसयूवी की टक्कर में 7 की मौत, 14 घायल

मृतका रानी ठाकुर, रामविलास ठाकुर की दूसरी पत्नी थीं। उनकी पहली पत्नी का निधन करीब सात साल पहले हुआ था। रामविलास के पहले विवाह से तीन बच्चे भी हैं। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गांव में दहशत फैल गई है। पुलिस मौके पर डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम के साथ पहुंचकर सबूत जुटाने में लगी है।

एडिशनल एसपी डॉक्टर प्रशांत चौबे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बताया कि गांव में आमतौर पर बाहरी लोगों का आना-जाना नहीं होता और मृतका के घर पर एक कुत्ता भी था, जो अनजान लोगों को अंदर नहीं आने देता। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।