19 अक्टूबर को कांग्रेस को मिलेगा नया अध्यक्ष, 17 अक्टूबर को होगी वोटिंग, CWC का बड़ा फैसला

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की तारिख का ऐलान हो गया है, आगामी 17 अक्टूबर को होगा चुनाव, 19 अक्टूबर को रिजल्ट की घोषणा

Updated: Aug 28, 2022, 08:21 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की तारिख का ऐलान हो गया है। आगामी 17 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव होगा। वहीं, 19 अक्टूबर को मतों की गणना होगी। ऐसे में यह साफ हो गया है कि 19 तारीख को कांग्रेस पार्टी को नया अध्यक्ष मिला जाएगा। रविवार को सीडब्ल्यूसी की बैठक में इसका निर्णय लिया गया।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई। इस ऑनलाइन बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, केसी वेणुगोपाल, मुकुल वासनिक, पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री और कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस अध्‍यक्ष पद के लिए 22 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी होगा। 24 सितंबर लेकर 30 सितंबर तक इच्छुक नेता अध्यक्ष पद चुनाव के लिए बतौर कैंडिडेट पर्चा भर सकते हैं। एक अक्टूबर को स्क्रुटनी होगी और 8 अक्टूबर तक नाम वापस लेने का समय सीमा दिया गया है। यदि एक से अधिक उम्मीदवार होंगे तो 17 अक्टूबर को चुनाव होगा। वहीं 19 तारीख को चुनाव नतीजे जारी कर दिए जाएंगे और नए अध्यक्ष की ताजपोशी की जाएगी।