कांग्रेस का 138 वां स्थापना दिवस: मल्लिकार्जुन खड़गे ने AICC मुख्यालय में फहराया झंडा, सोनिया-राहुल भी मौजूद
मुझे गर्व है, मैं ऐसे संगठन का हिस्सा हूं जिसने हर परिस्थिति में सत्य, अहिंसा और संघर्ष का रास्ता चुना और हर कदम हमेशा लोकहित में उठाया: राहुल गांधी

नई दिल्ली। देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस आज 138 वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर राजधानी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस का मुख्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस अवसर पर एआईसीसी मुख्यालय पहुंचकर झंडा फहराया। इस दौरान कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस दौरान कहा कि, 'हमें कांग्रेस पार्टी को समावेशी बनाने के लिए युवाओं, महिलाओं, वंचित तबकों और बुद्धिजीवियों को हमारे साथ जोड़ना होगा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देशभर में करोड़ों कार्यकर्ताओं को संजीवनी मिली है।' इस मौके पर खड़गे आज खासतौर से मुंबई भी जाएंगे और वहां पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कांग्रेस पार्टी की नींव मुंबई में ही 137 साल पहले रखी गई थी।
LIVE: 138th Foundation Day of the Indian National Congress at AICC HQ. #CongressFoundationDay https://t.co/j5m8Ax6Wqc
— Congress (@INCIndia) December 28, 2022
कांग्रेस स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'मुझे गर्व है, मैं ऐसे संगठन का हिस्सा हूं जिसने हर परिस्थिति में सत्य, अहिंसा और संघर्ष का रास्ता चुना और हर कदम हमेशा लोकहित में उठाया।'
मुझे गर्व है, मैं ऐसे संगठन का हिस्सा हूं जिसने हर परिस्थिति में सत्य, अहिंसा और संघर्ष का रास्ता चुना और हर कदम हमेशा लोकहित में उठाया।#CongressFoundationDay pic.twitter.com/B4CyqCe2ez
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) December 28, 2022
देश के सभी अन्य राज्यों में भी स्थापना दिवस के मौके पर भव्य कार्यक्रम हो रहे हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजधानी जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि, '138 साल का लंबा सफर तय करके कांग्रेस यहां तक पहुंची है। भाजपा और RSS के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी। ये संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं, देश इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।'
कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए... #CongressFoundationDay pic.twitter.com/l9D0LQH0gv
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) December 28, 2022
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्थापना 28 दिसंबर, 1885 को बॉम्बे (मुंबई) में दास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में 72 प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुई थी। इसके संस्थापक महासचिव एओ ह्यूम थे और व्योमेश चंद्र बनर्जी को अध्यक्ष बनाया गया था। इसी तरह हर साल 28 दिसंबर को पार्टी अपना स्थापना दिवस मनाती है।