Coronavirus India: पहली बार 77 हजार से ज्यादा पॉज़िटिव

Corona Updates: शुक्रवार को पहली बार भारत में एक दिन में सबसे ज़्यादा पॉजिटिव केस, विश्व में 8 लाख 34 हजार से ज्यादा लोगों की मौत

Updated: Aug 28, 2020, 11:11 PM IST

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले कम होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को एक बार फिर से कोरोना संक्रमण के मामलों में सबसे बड़ा उछाल देखने को मिला है। शुक्रवार को पहली बार देशभर में एक दिन में 77 हजार से ज्यादा नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं। अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसारअमेरिका में एक दिन के सर्वाधिक 77,255 केस 16 जुलाई को आए थे। वर्ल्ड मीटर के अनुसार अमेरिका में एक दिन के सबसे ज़्यादा 78,586 केस 24 जुलाई को आए थे। भारत में शुक्रवार को सबसे ज़्यादा 77, 266 पॉज़िटिव केस आए। विशेषज्ञों के अनुसार सितंबर में स्थिति और बिगड़ेगी। 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार (28 अगस्त) सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 1 हजार 57 कोरोना संक्रमित मरीजों की मृत्यु हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना से हुए मौत का कुल आंकड़ा बढ़कर 61 हजार 529 तक पहुंच गया है। कुल संक्रमित मामलों की बात करें तो शुक्रवार सुबह तक यह आंकड़ा 33 लाख 87 हजार 501 है। राहत की बात यह है कि इनमें से 25 लाख 83 हजार 948 मरीजों ने इस महामारी से जंग जीत ली है। देशभर में फिलहाल 7 लाख 42 हजार 023 एक्टिव केस हैं।

इंडियन कॉउन्सिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को देशभर में कुल 9 लाख 1 हजार 338 सैंपलों की जांच की गई है वहीं 27 अगस्त तक भारत में कुल 3 करोड़ 94 लाख 77 हजार 848 सैंपल जांचे गए हैं। इसी बीच अच्छी बात यह है कि भारत में मृत्यु दर और प्रतिदिन बढ़ रहे एक्टिव केस में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं रिकवरी रेट में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देशभर में मृत्यु दर गिरकर 1.82% हो गई है वहीं एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 21.93% हो गई है। साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 76.4% हो गई है।

दुनियाभर में कोरोना की बात करें तो पिछले 24 घंटे में तकरीबन 2 लाख 63 हजार 333 नए कोरोना केस सामने आए हैं वहीं 5 हजार 879 लोगों की जान गई है। पूरे विश्व में अबतक 2 करोड़ 46 लाख से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 8 लाख 34 हजार 791 लोगों ने अपनी जान गंवाई है वहीं 1 करोड़ 70 लाख से ज्यादा मरीज ठीक हुए हैं। फिलहाल विश्वभर में 66 लाख 93 हजार 988 एक्टिव केस हैं।