भारत में चीन और तुर्की के मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक्शन, ग्लोबल टाइम्स और TRT वर्ल्ड प्रतिबंधित
भारत में चीन और तुर्किये के प्रसारकों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। देश विरोधी चीजों को फैलाने के आरोप में भारत में चीन और तुर्की की सरकारी समाचार एजेंसी और स्थानीय अखबार के 'एक्स' अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया है।

नई दिल्ली। भारत में सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ और अखबार ग्लोबल टाइम्स का अकाउंट प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके अलावा तुर्किये प्रसारक 'टीआरटी वर्ल्ड' का एक्स अकाउंट भी भारत में रोक दिया गया है। देश विरोधी फर्जी खबरें फैलाने और पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा को बढ़ावा देने के आरोप में यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
भारत ने बुधवार को दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तानी दुष्प्रचार और अपुष्ट सूचना फैलाने के आरोप में माइक्रोब्लॉगिंग साइट 'एक्स' पर चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ और ग्लोबल टाइम्स के हैंडल पर प्रतिबंध लगा दिया। घटनाक्रम चीन में भारतीय दूतावास की ओर से स्थानीय मीडिया आउटलेट्स को सोशल मीडिया पर अपुष्ट तथ्य और फर्जी सूचना पोस्ट करने के खिलाफ चेतावनी दिए जाने के कुछ दिनों बाद हुआ।
चीन से जुड़ा घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है, जब चीन ने अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों के लिए चीनी नामों की घोषणा की। पड़ोसी मुल्क का दावा है कि अरुणाचल प्रदेश तिब्बत का दक्षिणी हिस्सा है। हालांकि, भारत ने बुधवार को अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों के नाम बदलने के चीन के कदम को व्यर्थ और बेतुका बताते हुए खारिज कर दिया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से इस अस्वीकार्य वास्तविकता में कोई बदलाव नहीं आएगा कि यह राज्य भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा।
वहीं, तुर्की के सरकारी चैनल TRT वर्ल्ड का भी एक्स अकाउंट बंद कर दिया गया है। टीआरटी वर्ल्ड तुर्की की सरकारी अंतरराष्ट्रीय समाचार सेवा है, जो अंग्रेजी में समाचार, विश्लेषण और करंट अफेयर्स की कवरेज करती है। इसे तुर्की के राष्ट्रीय प्रसारणकर्ता टीआरटी संचालित करता है। इसकी शुरुआत 2015 में हुई थी।बता दें कि भारत विरोधी अभियान में तुर्की पाकिस्तान के साथ खुलकर खड़ा हो गया है। भारतीय शहरों में तुर्की द्वारा निर्मित ड्रोन से ही पाकिस्तान ने हमला भी किया। ऐसे में प्रोपेगैंडा फैलाने वाली TRT के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।