क्रिकेटर स्मृति मंधाना की शादी टली, फेरों से पहले पिता को आया हार्टअटैक, अस्पताल में भर्ती
भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना और म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुछाल की सांगली में होने वाली शादी पिता को हार्ट अटैक आने के कारण टल गई है। शनिवार को मेहंदी और संगीत कार्यक्रम हो चुका था। पिता की हालत फिलहाल स्थिर है। परिवार ने शादी की नई तारीख बाद में तय करने की बात कही है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्तर बल्लेबाज स्मृति मंधाना की शादी रविवार को सांगली में होने वाली थी। हालांकि, परिवार पर अचानक आई मुश्किल ने खुशी के माहौल पर ग्रहण डाल दिया है। रविवार सुबह नाश्ता करते समय स्मृति के पिता को अचानक हार्ट अटैक आ गया। आनन फानन में उन्हें तुरंत सांगली के एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें अंडर ऑब्जर्वेशन रखा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
यही वजह रही कि स्मृति और म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुछाल की शादी को परिवार ने फिलहाल स्थगित कर दिया है। स्मृति के मैनेजर तुहिन मिश्रा ने इसकी आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि सभी समारोह आगे के लिए टाल दिए गए हैं। परिवार सदमे में है और नई तारीख पिता की रिकवरी के बाद ही तय की जाएगी।
शनिवार रात तक सब कुछ उत्साह और जश्न से भरा था। समडोली रोड स्थित मंधाना फार्म हाउस में मेहंदी और संगीत की धूम रही थी। स्मृति की टीम इंडिया की साथी खिलाड़ी, दोनों परिवारों के प्रियजन और करीबी दोस्त इस खुशी के पल में शामिल होने पहुंचे थे। संगीत कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें स्मृति ने पलाश के लिए स्पेशल डांस किया था। फैंस ने भी इन पलों को सेलिब्रेट किया और शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
स्मृति और पलाश की मुलाकात 2019 में मुंबई में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। दोस्ती ने प्यार का रूप लिया और दोनों ने चुपचाप इस रिश्ते को आगे बढ़ाया। 2024 में उन्होंने अपनी रिलेशनशिप को सार्वजनिक किया और छह साल की साझेदारी के बाद शादी की तैयारियां शुरू की गईं।
पलाश का स्मृति को प्रपोज करने का अंदाज भी बेहद खास था। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में जहां स्मृति ने हाल ही में भारत को खिताब जिताया था वहीं पलाश ने उन्हें ब्लाइंडफोल्ड कर मंच पर लाकर प्रपोज किया था। उन्होंने अपने हाथ पर SM18 का टैटू भी बनवाया है जो इस रिश्ते की को गहराई दिखाता है।




