प्रयागराज के होटल में फंदे से लटका मिला डिप्टी सीएमओ का शव, आठ महीने पहले ही हुई थी पोस्टिंग

प्रयागराज के चीफ मेडिकल ऑफिसर कार्यालय में तैनात डिप्टी सीएमओ सुनील सिंह के फांसी लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना का कारण घरेलू कलह बताया जा रहा है।

Updated: Apr 24, 2023, 01:55 PM IST

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक सरकारी अधिकारी की आत्महत्या का मामला सामने आया है। चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) कार्यालय में तैनात डिप्टी सीएमओ सुनील सिंह ने होटल के कमरे में सुसाइड कर लिया। घटना का कारण पारीवारिक कलह बताया जा रहा है। सुनील सिंह प्रयागराज के विट्‌ठल होटल में ठहरे हुए थे। वहीं उन्होंने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

सुनील सिंह मूल रूप से वाराणसी के रहने वाले थे। उनकी उम्र करीब 46 साल थी। डिप्टी सीएमओ की आत्महत्या ने इलाके में सनसनी मचा दी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। उनके शव को होटल के कमरे में पंखे से लटका पाया गया। होटल के कर्मचारियों ने सबसे पहले उन्हें फांसी के फंदे से लटकता देखा। घटना की जानकारी तुरंत सीएमओ को दी गई। 

मामले की जानकारी मिलते ही प्रभारी सीएमओ डॉ. अशोक कुमार और अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच कर घटना की जांच शुरू कर दी है। डिप्टी सीएमओ सुनील सिंह इस समय संचारी रोग अभियान के नोडल अधिकारी का कार्यभार संभाल रहे थे। उनकी आत्महत्या की खबर ने सीएमओ कार्यालय के तमाम अधिकारियों को हैरान कर दिया है। 

मिली जानकारी के अनुसार, सुनील सिंह पिछले दिनों में घरेलू कलह के कारण परेशान चल रहे थे। मूल रूप से उनका घर वाराणसी के पांडेयपुर था। उनकी पत्नी भी पेशे से डॉक्टर हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हत्या की भी आशंका जताई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।