ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री पर जानलेवा हमला, सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारी ने ही सीने में दागी गोलियां

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नाबा दास पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। हमले को एक पुलिसकर्मी ने ही अंजाम दिया है।

Updated: Jan 30, 2023, 03:22 AM IST

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नब दास पर जानलेवा हमला किया गया। ब्रजराजनगर के गांधी चौक में एक कार्यक्रम के दौरान एक पुलिसकर्मी ने उन पर फायरिंग कर दी। नब दास के सीने में 4-5 गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर है। उन्हें भुवनेश्वर के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। यहां भी एंबुलेंस तैयार है, भुवनेश्वर पहुंचते ही स्वास्थ्य मंत्री को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

उधर, पुलिस ने फायरिंग करने वाले ASI को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि नब दास कार्यक्रम में शामिल होने ब्रजराजनगर पहुंचे थे। कार से उतरते ही एक ASI गोपालदास ने नब दास पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाई।

यह भी पढ़ें: 14 राज्य, 75 जिले और 3970 KM का सफर, श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा, लाल चौक पर राहुल ने फहराया तिरंगा

स्थानीय लोगों ने बताया कि बताया कि स्वास्थ्य मंत्री नब दास कार्यक्रम में चीफ गेस्ट थे। जब वो पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए भीड़ जमा हो गई। तभी उन पर किसी ने गोली चलाई गई। वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी पास से गोली चलाकर भाग रहा था।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। क्राइम ब्रांच को जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को घटनास्थल पर जाने के लिए कहा गया है।