Lyricist Abhilash Passes Away: 'इतनी शक्ति हमें देना दाता' लिखने वाले गीतकार अभिलाष का निधन

उनका वास्तविक नाम ओम प्रकाश था, ओम प्रकाश 'अज़ीज़' के नाम से ग़ज़लें, नज़्में और कहानियां भी लिखी थीं

Updated: Sep 28, 2020, 09:02 PM IST

मुंबई। 'इतनी शक्ति हमें देना दाता, मन का विश्वास कमजोर हो ना' जैसे कई खूबसूरत गीत फिल्मी दुनिया देने वाले गीतकार अभिलाष का निधन हो गया। उन्होंने सोमवार सुबह आखिरी सांस ली। वे लंबे समय से लीवर कैंसर से पीड़ित थे। पिछले दिनों उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई थी। पिछले करीब 10 महीनों से बिस्तर पर थे।

अभिलाष का जन्म 13 मार्च 1946 को दिल्ली में हुआ था। दिल्ली में उनके पिता का व्यवसाय हुआ करता था। पिता चाहते थे कि बेटा अभिलाष व्यवसाय करे। लेकिन उन्हें तो कुछ और ही पसंद था। मात्र बारह साल की उम्र में अभिलाष ने कविताएं लिखना शुरू कर दिया था। मैट्रिक की पढ़ाई के बाद वे थियेटर में भी सक्रिय हो गए। उनका वास्तविक नाम ओम प्रकाश था। उन्होंने अपना तख़ल्लुस 'अज़ीज़' रख लिया था। वे ओमप्रकाश' अज़ीज़' के नाम से ग़ज़लें, नज़्में और कहानियां लिखते थे जो कि कई पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती थी।

जीवन के आखिरी दिनों में उन्हें गरीबी का समाना करना पड़ रहा था। उनके इलाज के लिए परिवार ने इंडियन परफॉर्मिंग राइट्स सोसायटी से मदद मांगी थी। गीतकार अभिलाष ने रफ्तार, जहरीली, सावन को आने दो, लाल चूड़ा, अंकुश, मोक्ष और हलचल जैसी फिल्मों के लिए गाने लिखे थे। उन्होंने अदालत, चित्रहार, रंगोली,  धूप छांव, दुनिया रंग रंगीली, अनुभव, संसार और ॐ नम: शिवाय जैसे कई फेमस टीवी शोज में अपनी कलम का कमाल दिखाया था।

अभिलाष के सुपरहिट गीतों में वो जो खत मुहब्बत में, सांझ भई घर आजा, तुम्हारी याद के सागर में, संसार है इक नदिया, तेरे बिन सूना मेरे मन का मंदिर, आज की रात न जा शामिल हैं। उन्होंने अपने करियर में 12 सौ से ज्यादा गाने लिखे। इनमें 28 फिल्मों और तकरीबन 50 धारावाहिक के लिए लिखे गए गाने शामिल हैं । अंकुश फिल्म के लिए लिखा ‘इतनी शक्ति हमें देने दाता, मन का विश्वास कमजोर हो ना’ गीत इतना फेमस हुआ कि इसे देशभर के स्कूलों ने प्रार्थना के रूप में स्वीकार कर लिया। यह गीत लिखने में उन्हें 45 दिन लगे थे। इस गाने के लिए उन्हे राष्ट्रपति ज्ञानी जैलसिंह ने कला श्री अवार्ड से नवाजा था। साल 2012 में उन्हें दादा साहब फाल्के अवार्ड भी दिया गया।

डायलॉग और गीत लेखन के लिए अभिलाष को अब तक कई अवॉर्ड मिल चुके हैं। इनमें सिने गोवर्स अवार्ड, फिल्म गोवर्स अवार्ड,  सुर आराधना अवार्ड, मातो श्री अवार्ड, विक्रम उत्सव सम्मान, हिंदी सेवा सम्मान और अभिनव शब्द शिल्पी अवार्ड शामिल हैं। साल 2020 में ऋषि कपूर, इरफान खान भी कैंसर से जंग हार चुके हैं। हाल ही में सिंगर एसपी बालासुब्रमण्यम की कोरोना की वजह से मौत हो गई थी।