दीपावली पर दिल्ली में रातभर हुई आतिशबाजी, AQI 970 के खतरनाक स्तर पर, आसमान में काली धुंध छाई
सोमवार सुबह आनंद बिहार में AQI 970, लाजपत नगर में 959 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में AQI 910 दर्ज की गई। दमघोंटू हवा के कारण दिल्ली में लोगों का सांस लेना दुभर हो गया है।

नई दिल्ली। दिवाली की रात दिल्ली-एनसीआर में जमकर पटाखे और आतिशबाजी चली। ये सिलसिला पूरी रात चलता रहा और ऐसा लगा ही नहीं कि प्रदूषण की गंभीर स्थिति के कारण पटाखों पर प्रतिबंध लगाया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए लोगों ने जमकर आतिशबाजी की जो बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 970 के खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है।
सोमवार सुबह दिल्ली के आनंद बिहार में AQI 970, लाजपत नगर में 959 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में AQI 910 दर्ज की गई। शुक्रवार और शनिवार को हुई बारिश के कारण प्रदूषण के स्तर में जो सुधार देखने को मिला था, वो दीवाली पर हुई आतिशबाजी के कारण फिर खराब हो गया। दिल्ली में काले धुंए और धुंध की एक चादर नजर आ रही है। विजिबिलिटी भी बेहद कम है। दमघोंटू हवा के कारण दिल्ली में लोगों का सांस लेना दुभर हो गया है।
AQI this morning in Anand Vihar is as high as 970 and terribly hazardous. The day after Diwali is smog filled and polluted in many parts of the national capital. So much for the Supreme Court cracker ban.. there are many wonderful ways to celebrate Diwali, bursting crackers… pic.twitter.com/bbiXZ76l3M
— Rajdeep Sardesai (@sardesairajdeep) November 13, 2023
पर्यावरणविद् भवरीन कंधारी ने कहा कि उनकी डिफेंस कॉलोनी में कई जगह पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसको लेकर पुलिस थाने में शिकायत भी की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने कहा, ‘पटाखों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख आतिशबाजी के धुएं में उड़ गया। चेतावनी और प्रतिबंध के बावजूद अधिकारी एक बार फिर विफल रहे हैं। सवाल यह उठता है कि उच्चतम न्यायालय अब क्या रुख अपनाएगा? हम उत्सव के नाम पर अपने बच्चों को घुट-घुटकर जीने को मजबूर कर रहे हैं।'
दिल्ली अग्निशमन सेवा को दीवाली की शाम आग की घटनाओं से संबंधित कुल 100 सूचनाएं प्राप्त हुईं। विभाग के प्रमुख अतुल गर्ग ने कहा, 'दिवाली के दिन शाम छह बजे से रात्रि 10 बजकर 45 मिनट तक छोटी, मध्यम और भीषण आग की घटनाओं को लेकर अबतक 100 सूचनाएं मिलीं।'