दलीप ट्रॉफी में फिफ्टी लगाने वाले यंगेस्ट बैटर बने वैभव सूर्यवंशी, सेंट्रल जोन के खिलाफ बनाए 92 रन
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में ईस्ट जोन से खेलते हुए 81 गेंदों में 92 रन बनाए। 15 साल 157 दिन की उम्र में अर्धशतक जड़कर उन्होंने लक्ष्मण सिंह का 57 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए 81 गेंदों में 92 रन की शानदार पारी खेली। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 15 साल 157 दिन के सूर्यवंशी ने 42 गेंदों में फिफ्टी पूरी की और 57 साल पुराने लक्ष्मण सिंह के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच बेंगलुरु में खेले जा रहे मुकाबले के पहले दिन सेंट्रल जोन की पारी 266 रन पर सिमट गई थी। इसके जवाब में ईस्ट जोन ने दूसरे दिन मजबूत शुरुआत की। सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी में 7 चौके और 7 छक्के लगाए। सारांश जैन की गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। फिफ्टी तक पहुंचने के दौरान उनके 38 रन सिर्फ बाउंड्री से आए थे।
यह भी पढ़ें:भोपाल के नूर उस सबाह पैलेस से जुड़े रिलायबल ग्रुप से 1 करोड़ की साइबर ठगी, पुलिस ने 95 लाख रुपये किए होल्ड
सूर्यवंशी की पारी का अंत हर्ष दुबे ने किया। उनके आउट होने के बाद अभिमन्यु ईश्वरन ने मोर्चा संभाला और लंच तक अर्धशतक पूरा कर नाबाद रहे। दूसरे दिन लंच के समय ईस्ट जोन का स्कोर 31 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 183 रन था। टीम अभी सेंट्रल जोन से 83 रन पीछे थी। इस दौरान कुमार कुशाग्र बिना खाता खोले आउट हो गए थे।
सूर्यवंशी का रिकॉर्ड इससे पहले लक्ष्मण सिंह के नाम था। उन्होंने 1969 में 16 साल 23 दिन की उम्र में दलीप ट्रॉफी में अर्धशतक लगाया था। अब सूर्यवंशी ने उनसे कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर 57 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में सूर्यवंशी का बल्ला खास नहीं चला था और वे केवल 8 रन बना सके थे। हालांकि, गेंद से उन्होंने प्रभाव छोड़ा था। नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ उन्होंने 11 रन देकर 2 विकेट लिए थे और ईस्ट जोन ने यह मुकाबला पारी और 210 रन से अपने नाम किया था।
यह भी पढ़ें:दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 साल की नाबालिग से गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
साल 2026 में सूर्यवंशी का प्रदर्शन सभी फॉर्मेट में लगातार चर्चा में रहा है। इस साल वे अब तक 41 मैचों की 41 पारियों में 2022 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 14 अर्धशतक निकले हैं। वे इंडिया अंडर-19, इंडिया ए, भारतीय टीम, राजस्थान रॉयल्स और अब दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
छक्कों के मामले में भी सूर्यवंशी का यह साल खास रहा है। 2026 में वे सभी फॉर्मेट और सभी मैचों को मिलाकर 161 छक्के लगा चुके हैं। इनमें IPL 2026 के 72 छक्के शामिल हैं। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के रयान रिकल्टन और न्यूजीलैंड के फिन एलन 99-99 छक्कों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। मिचेल मार्श 95 छक्कों के साथ चौथे और भारत के ईशान किशन 89 छक्कों के साथ पांचवें नंबर पर हैं।
यह भी पढ़ें:इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई थी 24 मौतें, जांच आयोग की रिपोर्ट में हुई पुष्टि




