कांग्रेस का हाथ से हाथ जोड़ो अभियान लॉन्च, केंद्र सरकार के खिलाफ चार्जशीट भी जारी

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत 26 जनवरी से होगी। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से बात करेंगे और भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को लोगों तक पहुंचाएंगे।

Updated: Jan 21, 2023, 04:40 PM IST

नई दिल्ली। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का इस महीने के अंत में समापन हो जाएगा। हालांकि, कांग्रेस यहीं नहीं रुकने वाली है बल्कि पार्टी एक और अभियान लॉन्च कर दिया है। कांग्रेस 26 जनवरी से ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है। ये अभियान करीब दो महीने तक चलेगा। शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, सांसद केसी वेणुगोपाल समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस अभियान का लोगो जारी किया। साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ एक ‘चार्जशीट’ भी जारी की।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा, "हाथ से हाथ जोड़ो अभियान भारत जोड़ो अभियान का दूसरा चरण है। भारत जोड़ो अभियान में विचारधारा के आधार पर राहुल गांधी ने मुद्दें उठाए। उसका चुनाव से लेना-देना नहीं था। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में हमारा निशाना मोदी सरकार की विफलताएं हैं, ये 100 फीसदी राजनीतिक है।”

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान 26 जनवरी से शुरू होगा। भारत जोड़ो यात्रा का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के लिए ये घर-घर अभियान चलाया जाएगा। आज हमने मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी की है। कांग्रेस की ओर से जारी इस चार्जशीट में केंद्र सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की गई है।

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा के बीच दो बम धमाकों से दहला जम्मू, 6 लोग घायल

केसी वेणुगोपाल ने आगे कहा कि राज्यों की प्रदेश कांग्रेस कमेटी भी अपनी-अपनी राज्य सरकारों के खिलाफ चार्जशीट बनाएंगी। उन्होंने बताया कि, 'हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने अपने क्षेत्र के मतदाताओं के घर जाएंगे और उन्हें कांग्रेस की विचारधारा के बारे में बताएंगे। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जो संदेश दिया गया, उस संदेश को घर-घर पहुंचाया जाएगा। इस दौरान राहुल गांधी का एक पत्र भी लोगों को सौंपा जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार की खामियां बताने वाली चार्जशीट भी बांटी जाएगी। इस अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य ढाई लाख ग्राम पंचायतों, 6 लाख गांवों तक पहुंचने का है।'