राजस्थान में गर्मी का कहर, हीटस्ट्रोक से 9 लोगों की मौत, भोपाल में 44.4 तक पहुंचा पारा
राजस्थान में गुरुवार को लू और गर्मी की वजह से 8 लोगों की मौत हो गई। बाड़मेर में तापमान लगातार दूसरे दिन 48 डिग्री के पार रहा। यहां तापमान 48.8 डिग्री पर पहुंच गया।

नई दिल्ली। देश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही। तापमान दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। राजस्थान में गुरुवार को हीट स्ट्रोक ने 9 लोगों की जान ले ली है, जहां अधिकतम पारा 49 डिग्री के करीब पहुंच गया।
उत्तर भारत में फिलहाल लू से राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में अगले 5 दिन ऐसे ही हालात रहेंगे। इन राज्यों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के बाड़मेर में तापमान लगातार दूसरे दिन 48 डिग्री के पार रहा। यहां तापमान 48.8 डिग्री पर पहुंच गया। जैसलमेर से सटे भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर तापमान 53 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मध्य प्रदेश में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, खंडवा भट्टी की तरह तप रहे हैं। यहां तापमान रिकॉर्ड 44 से 46 डिग्री के पार जा पहुंचा है।गुरुवार को गुना में तापमान रिकॉर्ड 46.6 डिग्री रहा। वहीं, भोपाल में पारा 44.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सीजन का सबसे अधिक है।
हीट वेव की कारण सब्जियों और दालों की मौजूदा महंगाई अगले महीने भी जारी रहने की आशंका है। खासकर आलू, टमाटर, प्याज की कीमतें बढ़ने से घरेलू भोजन का खर्च बढ़ गया है। अप्रैल में सब्जियों की कीमतें बीते साल से औसतन 27.8% ज्यादा थीं। पिछले महीने आलू की रिटेल कीमत में सालाना आधार पर 53% की बढ़ोतरी हुई है।