धार में आदिवासी युवक की मौत पर बवाल, जयस ने शराब माफियाओं पर लगाया हत्या का आरोप

जयस के मुताबिक मृतक अर्जुन कनाशिया पूर्व से ही डही क्षेत्र में अवैध शराब को प्रशासन से शिकायत करते रहे हैं। शनिवार रात में भी वे शराब वाहन का पीछा कर रहे थे इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई।

Updated: Jan 21, 2024, 03:30 PM IST

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में एक आदिवासी युवक की मौत पर बवाल मच गया है। आदिवासी संगठन जयस ने युवक की मौत को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। जयस का कहना है कि शराब माफियाओं ने युवक की हत्या की है। हालांकि, पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही है।

मामला धार जिले के डही गांव के भगावा रोड का है। शनिवार रात भगावा रोड पर चार पहिया वाहन की टक्कर में जनपद प्रतिनिधि अर्जुन कनाशिया की मौत हो गई। मृत अर्जुन की मां बाइजा बाई क्षेत्र में जनपद की सदस्य हैं। अर्जुन जनपद प्रतिनिधि होने के साथ ही आदिवासी समाज के सामाजिक कार्यों से जुड़ा हुआ था। शनिवार रात वह डही से अपने गांव अतारसुमा की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

जयस संगठन अर्जुन की मौत का जिम्मेदार क्षेत्र के शराब माफियाओं को बता रहा है। पदाधिकारियों के अनुसार यह घटना एक हादसा नहीं है, उस युवक की हत्या की गई है। क्योंकि मृत आदिवासी अवैध शराब को लेकर कई मर्तबा शिकायत कर चुका था, शराब को लेकर आवाज उठाने पर ही माफियाओं ने उसकी हत्या कर दी। रविवार को आदिवासियों ने शव को रखकर चक्काजाम भी किया।

जयस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रवि राज बघेल ने बताया कि शराब माफियाओं ने एक आदिवासी युवा एवं जनपद प्रतिनिधि अर्जुन कनाशिया को मौत के घाट उतारा है। अर्जुन कनाशिया पूर्व से ही डही क्षेत्र में अवैध शराब को प्रशासन से शिकायत करते रहे हैं। शनिवार रात में भी वे शराब वाहन का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान उनकी हत्या की गई है।