दिल्ली में कांग्रेस की अहम बैठक, लोकसभा चुनाव और भारत न्याय यात्रा को लेकर हुई चर्चा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 जनवरी से भारत न्याय यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।

Updated: Jan 04, 2024, 12:25 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी 14 जनवरी से भारत न्याय यात्रा शुरू करने वाले हैं। कांग्रेस पार्टी इस यात्रा की तैयारियों में जुटी हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस संबंध में आज पार्टी के महासचिवों प्रदेश अध्यक्षों, प्रदेश प्रभारियों और सीएलपी नेताओं की बैठक बुलाई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में गुरुवार सुबह बुलाई गई इस बैठक में भारत न्याय यात्रा की तैयारियों पर चर्चा हुई। साथ ही लोकसभा चुनाव की रणनीति पर भी बात हुई। बैठक में पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी समेत तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 जनवरी से भारत न्याय यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।लोकसभा चुनाव से ठीक पहले होने वाली यह यात्रा 14 राज्य और 85 जिलों को कवर करेगी, जिसमें राहुल गांधी पैदल और बस से 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेंगे।

भारत न्याय यात्रा मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी। इसी यात्रा की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने आज बैठक बुलाई थी।