बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग, गैंगस्टर गोल्डी बरार ने ली जिम्मेदारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक फायरिंग के वक्त घर में दिशा पाटनी की बहन व पूर्व आर्मी अफसर खुशबू पाटनी, पिता रिटायर्ड DSP जगदीश पाटनी और मां पद्मा पाटनी मौजूद थीं।

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर के बाहर गोलीबारी हुई है। बताया जा रहा है कि बाइक से आए 2 बदमाशों ने एक्ट्रेस के घर के बाहर 2 राउंड फायरिंग की। इसके बाद वे फरार हो गए। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुट गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक फायरिंग के वक्त घर में दिशा पाटनी की बहन व पूर्व आर्मी अफसर खुशबू पाटनी, पिता रिटायर्ड DSP जगदीश पाटनी और मां पद्मा पाटनी मौजूद थीं। जबकि दिशा पाटनी मुंबई में थीं। गोली चलने की आवाज सुनकर सभी सहम गए।
जगदीश पाटनी ने तत्काल इसकी पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को घर के बाहर से 2 खाली कारतूस बरामद हुए हैं। घटना के बाद घर के बाहर फोर्स तैनात की गई है। फायरिंग की जिम्मेदारी रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग ने ली है। दोनों गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करते हैं।
उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि संत प्रेमानंद महाराज और कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज पर टिप्पणी से नाराज होकर फायरिंग को अंजाम दिया गया है। यह सिर्फ एक ट्रेलर है। अगली बार ऐसी हरकत दोहराई गई तो किसी को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।
SSP बरेली ने मीडिया को बताया कि फायरिंग शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे की गई। जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। आसपास के CCTV खंगाले गए। जिसमें दो संदिग्ध हमलावर बाइक से जाते दिखे हैं। पुलिस ने गैंगस्टर गोल्डी बरार और उसके नेटवर्क को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।
बता दें कि 30 जुलाई को दिशा पाटनी की बहन और पूर्व आर्मी ऑफिसर खुशबू पाटनी ने एक वीडियो जारी किया था। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लिव-इन-रिलेशनशिप वाले बयान पर खुशबू ने कहा था कि ऐसे लोगों का तो मैं मुंह तोड़ दूंगी। अगर ये शख्स मेरे सामने होता तो मैं इसे अच्छे से समझा देती कि मुंह मारना क्या होता है। इसे राष्ट्र विरोधी कहने में मुझे कोई हिचक नहीं। जिस इंसान की सोच इतनी घटिया हो, उसे मंच मिलना ही नहीं चाहिए। इसी बयान को लेकर गोल्डी बरार गैंग ने यह फायरिंग की है।