कर्नाटक विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 124 उम्मीदवारों की पहली सूची, सिद्धारमैया, शिवकुमार के भी नाम
कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। उम्मीदवारों पहली सूची में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार का नाम भी शामिल है।

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने 124 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार का नाम भी शामिल है। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया वरुणा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार को कनकपुरा से चुनाव मैदान में उतारा गया है।
पार्टी की ओर से जारी 124 प्रत्याशियों की सूची में कई बड़े नेताओं के नाम शामिल हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता केएच मुनियप्पा को देवनहल्ली विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। कर्नाटक कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामलिंगा रेड्डी बीटीएम लेआउट से चुनाव लड़ेंगे और उनकी बेटी सौम्या रेड्डी बेंगलुरु के जयनगर से चुनाव लड़ेंगी।
AICC PRESS RELEASE
— INC Sandesh (@INCSandesh) March 25, 2023
ASSEMBLY ELECTIONS-2023 KARNATAKA pic.twitter.com/VC1EvAac3S
बताया जा रहा है कि जल्द ही कांग्रेस की दूसरी सूची भी आएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन सभी नामों को पहले ही हरी झंडी दे चुकी है जिन्हें केंद्रीय चयन समुदाय और स्क्रीनिंग समुदाय ने मंजूरी दी थी। अगले तीन-चार दिनों में, दूसरी सूची को भी अंतिम रूप दिया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 17 मार्च को दिल्ली में एक बैठक के बाद उम्मीदवारों की पहली सूची को मंजूरी दी थी। इस समिति की अध्यक्षता कांग्रेस प्रमुख खरगे ने की थी। बैठक में राहुल गांधी भी मौजूद थे। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने वाली कांग्रेस पहली पार्टी है। निर्वाचन आयोग ने दक्षिणी राज्य में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की अभी घोषणा नहीं की है।