कुशीनगर में 23 महिलाएं-बच्चियां कुएं में गिरीं, 13 की मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां

शादी के एक रस्म के दौरान कुएं के स्लैब पर बैठी थी महिलाएं और बच्चियां, अचानक स्लैब टूटने से 23 लोग कुएं में गिर गए, इनमें 13 की मौत, 10 अन्य की हालत गंभीर, पीएम मोदी ने जताया शोक

Updated: Feb 17, 2022, 03:57 AM IST

कुशीनगर। उत्‍तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में बुधवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 13 महिलाओं-बच्चियों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हैं। घटना जनपद के नौरंगिया थानांतर्गत नौरंगिया गांव का है। यहां एक शादी की एक रस्‍म के दौरान बड़ी संख्‍या में महिलाएं और बच्चियां एक कुएं के पास इकट्ठा हुई थीं। अचानक से कुएं का स्‍लैब भर-भरा कर टूट गया और 23 महिलाएं, युवतियां और बच्चियां कुएं में जा गिरीं। स्‍थानीय पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से 10 को बचा लिया, लेकिन इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना को लेकर शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।'

यह भी पढ़ें: तय समय से 2 घंटे पहले खुली ट्रेन, भड़के यात्रियों ने थमाया 5 लाख रुपए का लीगल नोटिस

जानकारी के मुताबिक नौरंगिया के स्कूल टोला निवासी परमेश्वर कुशवाहा के पुत्र की गुरुवार को शादी है। वैवाहिक रस्म के क्रम में महिलाएं हल्दी की रस्म अदायगी के दौरान गांव के बाहर मटकोर करने गई थीं। महिलाओं के साथ बच्चे भी गए थे। लौटते समय रात हो गयी। रास्ते में भीड़ अधिक थी। महिलाएं और किशोरियां नाचते गाते हुए लौट रही थीं।  गांव में आने का रास्ता संकरा है और किनारे गहरा कुआं है। इस पर बीस साल पहले स्लैब पड़ी थी। जगह न मिलने से कुछ बच्चे व महिलाएं कुएं पर चढ़ गए। 

इसी दौरान अचानक स्लैब टूट गया और दर्जनों लोग कुएं में गिर पड़े। सूचना मिलते ही वहां पुलिस पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं में पंप लगवाया। पानी निकालने के साथ गिरे लोगों को निकालने का सिलसिला शुरू हुआ। कुएं में कुल 23 लोग गिरे थे। सभी को निकट के अस्पताल भेजा गया। इनमें 13 की हालत गंभीर देख कर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।