MP: शिलान्यास पट्टी पर नाम नहीं देख भड़के नेताजी, फावड़े से तोड़ डाली पट्टी

एक वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर खास सुर्खियां बटोर रहा है जिसमें बीना के वीर सावरकर वार्ड में नगर पालिका उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया शिलान्यास पट्टी को तोड़ते देखे जा सकते हैं।

Updated: Jun 19, 2025, 06:34 PM IST

बीना। मध्य प्रदेश के बीना से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां नगर पालिका उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया ने शिलान्यास पट्टी पर अपना नाम न देखकर न केवल नाराजगी जताई, बल्कि सार्वजनिक रूप से शिला पट्टी को फावड़े से तोड़कर चकनाचूर कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

दरअसल, बीना के वीर सावरकर वार्ड में एक सड़क बननी है। इसके लिए शिलान्यास कार्यक्रम रखा गया था। पूजा-पाठ चल रहा था। तभी नगर पालिका उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया को पता चला कि उनका नाम तो पट्टिका पर है ही नहीं। यह जानकर वे गुस्से से भर गए। उन्होंने शिलान्यास के लिए लाई गई कुदाल से ही पट्टिका को तोड़ दिया फिर वे वापस पूजा पर बैठ गए।

यह भी पढ़ें: दीपावली से लाड़ली बहनों को मिलेंगे 1500 रुपए, सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान

उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया ने आरोप लगाया कि CMO राम प्रकाश जगनरिया पहले भी कई बार ऐसा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह जानबूझकर किया जाता है ताकि उपाध्यक्ष को अनदेखा किया जा सके। मौके पर मौजूद नगर पालिका अध्यक्ष लता सकवार और विधायक निर्मला सप्रे ने भी उपाध्यक्ष का समर्थन किया। उन्होंने CMO को फटकार लगाई और कहा कि आगे से ऐसी गलती नहीं होनी चाहिए। इसके बाद कार्यक्रम पूरा हुआ।

इस घटना का वीडियो किसी ने बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में बीना नगर पालिका उपाध्यक्ष रमाकांत बिलगैया शिलापट्टिका को तोड़ते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में वह CMO को फटकार भी लगा रहे हैं।