लता मंगेशकर का निधन, स्वर कोकिला की याद में सबकी आंखें नम

लता मंगेशकर का निधन हो गया है, तमाम लोग लता मंगेशकर को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं

Updated: Feb 06, 2022, 05:09 AM IST

Photo Courtesy: India Today
Photo Courtesy: India Today

मुंबई। बॉलीवुड गायिका लता मंगेशकर का निधन हो गया है। भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन की खबर सुनकर देश भर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। तमाम क्षेत्रों की हस्तियां लता मंगेशकर के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रही हैं।

स्वर कोकिला लता मंगेशकर करीब एक महीने से अस्पताल में भर्ती थीं। उन्हें कोरोना और निमोनिया के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लता मंगेशकर काफी दिनों से आईसीयू वार्ड में भर्ती थीं। जिसके बाद आज सुबह सुबह उनके निधन की चौंकाने वाली खबर आई। लता मंगेशकर ने 92 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली।

लता मंगेशकर के निधन की खबर सुनकर तमाम लोग उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित तमाम लोग लता मंगेशकर को याद कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि देश की शान और संगीत जगत की शिरमोर स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर जी का निधन बहुत ही दुखद है। पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सभी संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा थी।

इस खालीपन को कोई भर नहीं पाएगा: प्रधानमंत्री मोदी 

लता मंगेशकर के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि इस खालीपन को कोई भर नहीं पाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि मैं शब्दों से परे पीड़ा में हूँ। दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं। वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी।

एक युग की समाप्ति हो गई: दिग्विजय सिंह 

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी स्वर कोकिला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लता मंगेशकर के निधन पर कहा है कि एक युग की समाप्ति हो गई है। दिग्विजय सिंह ने लता मंगेशकर की तस्वीरों को अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए कहा, एक युग की समाप्ति हो गई। मध्यप्रदेश में जन्मी भारत रत्न लता मंगेशकर जी के निधन की दुःखद खबर है।उनकी आवाज़ अमर है। ना उनके जैसा हुआ है और ना होगा। हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। ॐ शांति ॐ शांति ॐ शांति 

लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में हुआ था। उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर खुद एक क्लासिकल सिंगर थे और थिएटर एक्टर भी थे। जिस वजह से संगीत के प्रति बचपन से ही लता मंगेशकर का जुड़ाव रहा। उन्होंने 36 विभिन्न भाषाओं में 50 हजार से भी ज्यादा गाने गाए।